UP News: रोडवेज की राजधानी एक्सप्रेस बसें अब यूपी से दिल्ली तक दौड़ेंगी, CM योगी ने 100 नई बसों को दिखाई हरी झंडी

punjabkesari.in Saturday, Jun 03, 2023 - 11:31 AM (IST)

UP News: (अश्वनी सिंह): उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सरकार ने बसों में सफर करने वाले यात्रियों को एक बड़ा तोहफा दिया है। जिसके चलते सरकार ने परिवहन निगम राजधानी एक्सप्रेस बस सेवा का दायरा बढ़ाया है। उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम के स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में आज सीएम योगी ने प्रदेश के विभिन्न जनपद मुख्यालयों से राष्ट्रीय राजधानी नई दिल्ली के लिए 93 नई राजधानी सेवा एवं 07 साधारण बीएस-6 बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया है। जिसके बाद अब परिवहन निगम के बेड़े में 93 नई राजधानी बसें एवं 7 साधारण बसें जुड़ेंगी।



बता दें कि, अब परिवहन निगम के बेड़े में 100 नई बसों के जुड़ने से प्रदेश के लोगों को और बेहतर परिवहन सुविधा मिलेंगी। प्रदेश के सभी जनपद राष्ट्रीय राजधानी से जुड़ेंगे। पहले यह बसें सिर्फ प्रदेश के भीतर ही चलती थी, लेकिन अब यूपी के सभी जिलों से सीधे दिल्ली के लिए बसें चलेंगी। दिल्ली से कम दूरी वाले जिलों से एक-एक बस चलेगी, जबकि दूर के जिलों में दो-दो बसें चलेंगी। इस कार्यक्रम में सीएम योगी समेत परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह, अध्यक्ष परिवहन निगम, प्रमुख सचिव (परिवहन), प्रबंध निदेशक परिवहन निगम शामिल थे।

यह भी पढ़ेंः CM Yogi News: आज दो दिवसीय दौरे पर गोरखपुर आएंगे CM योगी, 5 सीएचसी पर बने पीकू का करेंगे उद्घाटन



इस बस सेवा को दिल्ली तक चलाने का फैसला सीएम योगी और परिवहन मंत्री की मंशा से लिया गया है। अधिकारियों ने बताया कि सभी जिलों को प्रदेश की राजधानी से जोड़ने के बाद अब दिल्ली के लिए इस सेवा को लिंक किया जाएगा। इससे हर जिलों से दिल्ली आवागमन करने वाले यात्रियों को काफी हद तक राहत मिलेगी। परिवहन मंत्री एवं परिवहन निगम के अधिकारियों की कड़ी मेहनत से लगातार निगम की छवि सुधर रही है। परिवहन निगम प्रदेश के लोगों को बेहतर सुविधाजनक यात्रा मुहैया कराने के लिए प्रतिबद्ध है। परिवहन निगम ने बताया कि शासन के ड्रीम प्रोजेक्ट में यह योजना एक है। लोगों को आसान और सस्ती परिवहन सेवाएं उपलब्ध कराने के मकसद यह निर्णय लिया गया है।

Content Editor

Pooja Gill