UP News: CM योगी के राज में दंगा मुक्त बना प्रदेश, 37 वर्ष बाद कांग्रेस का रिकॉर्ड तोड़ सत्ता में आई BJP

punjabkesari.in Saturday, Dec 31, 2022 - 10:40 AM (IST)

लखनऊ (अश्वनी कुमार सिंह): साल 2022 यूपी (UP) के लिए किसी संजीवनी से कम नहीं रहा। पूरे देश के सामने प्रदेश ने इस साल कई मॉडल पेश कर दिए। फिर चाहे 37 साल बाद कांग्रेस का रिकॉर्ड तोड़ सत्ता में बीजेपी की वापसी हो या फिर प्रदेश में सतत विकास और कानून का राज स्थापित करना। यही नहीं जिस मुद्दे को लेकर हमेशा से पार्टियां हार का मुंह देखती रहीं, बीजेपी ने उसी कानून व्यवस्था के मुद्दे पर जंग जीत यूपी के इतिहास में नया कीर्तिमान स्थापित कर दिया। 2022 में उत्तर प्रदेश ने योगी राज में विकास के लिहाज से बुंदेलखंड एक्सप्रेस वे से लेकर नजाकत और नफासत की जमीं लखनऊ में ब्रह्मोस मिसाइलों का निर्माण का फैसला कर लिया।



योगी सरकार ने राज्य में डिजिटल इंडिया को दिया बढ़ावा
बता दें कि अन्य राज्यों की तुलना में यूपी पहला ऐसा राज्य बना जहां एक भी दंगा नहीं हुआ। प्रदेश में सभी त्योहारों को शांतिपूर्वक मनाया गया। फिर चाहे वो ईद हो या फिर होली-दीवाली। इतना ही नहीं देश में लाउडस्पीकर उतारने के मामले में भी योगी सरकार ने एक मिसाल कायम करते हुए 1 लाख 22 हजार लाउडस्पीकरों को उतारा। फिर उनकी आवाज को तय मानकों के अनुसार कम कराया। सबका साथ, सबका विकास और सबका प्रयास को लेकर योगी सरकार ने प्रदेश में करीब दो करोड़ युवाओं को टैबलेट और स्मार्टफोन देकर डिजिटल इंडिया को बढ़ावा दिया। वहीं प्रदेश की अर्थव्यवस्था को वन ट्रिलियन डॉलर इकॉनमी बनाने के लक्ष्य में रफ्तार देते हुए निवेशकों के लिए अच्छा माहौल बनाया।



प्रदेश में बेरोजगारी दर में आई भारी गिरावट
देश के सबसे बड़े राज्य उत्तर प्रदेश में बढ़ते औद्योगीकरण का ही असर है कि प्रदेश में बेरोजगारी दर में भारी गिरावट देखने को मिली। प्रदेश में अप्रैल, 2022 में बेरोजगारी की दर (UP Unemployment Ratio) घटकर 2.90 फीसदी रह गई, जो मार्च में 4.40 फीसदी थी। योगी सरकार का दावा है कि पिछले 5 साल में युवाओं को 5 लाख से अधिक सरकारी नौकरियां दी गई हैं। वहीं, उत्तर भारत के पहले हाइपर-स्केल डेटा सेंटर का उद्घाटन भी 2022 में हुआ। जिसने उत्तर प्रदेश में विकास में एक नई कहानी गढ़ दी है।

Content Editor

Pooja Gill