यूपी निकाय चुनाव: 100 साल के जगन और 90 की नत्थू देवी ने डाला वोट

punjabkesari.in Thursday, Nov 23, 2017 - 09:38 AM (IST)

आगरा: आगरा में एक दूल्हे ने भी वोट डाला और इसे लोकतंत्र के महापर्व में योगदान निभाने वाला कार्य बताया। जानकारी के मुताबिक आगरा के लवकुश नगर निवासी विकास यादव की बारात जानी थी। ऐसे में बारात प्रस्थान से पहले वह अपना वोट डालने आए। विकास ने कहा कि मतदान हर नागरिक का फर्ज है। ऐसे में पहले देश के नागरिक होने का फर्ज निभाएंगे फिर शादी करेंगे।

वहीं वोट डालने में उम्र भी बाधा नहीं बन सकी। सुबह-सुबह सर्दी के मौसम में ही आगरा के ककरैठा निवासी 100 साल के जगन सिंह भी वोट डालने पहुंचे। चलने-फिरने में असमर्थ जगन सिंह को उनके पुत्र-पौत्र चारपाई पर लेकर आए और मतदान कराया। वहीं आगरा में वार्ड 77 राजकुमार इंटर कालेज बूथ पर 90 साल की नत्थू देवी भी वोट डालने पहुंचीं। उनके मन में वोटिंग का ऐसा उत्साह दिखा कि वे पैदल ही बिना सहारे के मतदान केंद्र तक आईं।