UP: मोदी सरकार की 8वीं वर्षगांठ पर बड़े जश्न की तैयारी, BJP करेगी पूरे प्रदेश में तमाम कार्यक्रम

punjabkesari.in Friday, May 13, 2022 - 09:23 PM (IST)

लखनऊ: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अगुवाई वाली सरकार के आगामी 30 मई को आठ साल पूरे होने पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की उत्तर प्रदेश इकाई देशव्यापी स्तर पर शुरु हो रहे कार्यक्रम ‘आठ साल सेवा सुशासन और गरीब कल्याण' में बढ़चढ़कर हिस्सा लेगी।      

उत्तर प्रदेश में ‘आठ साल सेवा सुशासन और गरीब कल्याण‘ कार्यक्रम को प्रभावी ढंग से सफल बनाने के लिए पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह व प्रदेश के संगठन महामंत्री सुनील बंसल ने पार्टी पदाधिकारियों, जिलाध्यक्षों व जिला प्रभारियों के साथ बैठक कर शुक्रवार को कार्ययोजना बनाई। प्रदेश भाजपा की ओर से जारी बयान के अनुसार पार्टी के मोर्चा प्रकोष्ठों के कार्यकर्ताओं द्वारा भी ‘आठ साल सेवा सुशासन और गरीब कल्याण' कार्यक्रम के तहत अलग-अलग प्रकार के कार्यक्रम व अभियान चलाए जाएगें।      

गौरतलब है कि आगामी 30 मई को मोदी सरकार के गठन के आठ साल पूरे हो जायेंगे। पार्टी के प्रदेश महामंत्री गोविन्द नारायण शुक्ला ने बताया कि ‘आठ साल सेवा सुशासन और गरीब कल्याण' कार्यक्रम के अन्तर्गत ‘रिपोर्ट टू नेशन' कार्यक्रम प्रदेश के जिला स्तर पर आयोजित होंगे। साथ ही केन्द्र व प्रदेश सरकार की विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को इस कार्यक्रम में सम्मानित करने की योजना है। इस दौरान केन्द्र सरकार की उपलब्धियों का पत्रक विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से जन-जन तक पहुंचाया जाएगा।       

उन्होंने बताया कि पार्टी द्वारा प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में केन्द्र सरकार के आठ वर्ष पूर्ण होने पर सेवा सुशासन और गरीब कल्याण के विभिन्न कार्यक्रमों की रूपरेखा बूथ स्तर पर भी तैयार की गई है। पार्टी के कार्यकर्ता बूथ स्तर पर घर-घर सम्पर्क कर केन्द्र सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने के साथ ही प्रभातफेरी भी निकालेंगे। इस अभियान के तहत पार्टी द्वारा विकास तीर्थ बाईक रैली निकालने की भी योजना है।

Content Writer

Mamta Yadav