यूपी पंचायत चुनाव: पहले चरण की वोटिंग से पहले ही गोरखपुर में प्रधान प्रत्याशी को मारी गोली

punjabkesari.in Thursday, Apr 15, 2021 - 10:00 AM (IST)

गोरखपुर: यूपी पंचायत चुनाव के पहले चरण के मतदान शुरू होते ही बड़ी अपराधिक घटना को अंजाम दिया गया है। गोरखपुर जिले के खजनी थानाक्षेत्र के (परसाडाड़) महुआडाबर गांव में बुधवार देर रात पूर्व प्रधान गिलगिल दुबे उर्फ राघवेंद्र नारायण दुबे को गोली मार दी गई, गोली उनके पेट में लगी है। जिसके बाद परिजन उन्हें जिला अस्पताल ले गए, जहां से डॉक्टरों ने उन्‍हें मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।

इस मामले में परिजनों ने गोली मारने का आरोप निवर्तमान प्रधान और प्रधान प्रत्याशी शम्भू यादव पर लगाया है। पुलिस ने फिलहाल शम्भू यादव को हिरासत में लिया है और जांच कर रही है। समर्थकों के अनुसार जिस समय गिलगिल घर आ रहे थे, उसी समय शम्भू ने गोली चलाई। फिलहाल पुलिस को अभी कोई तहरीर नहीं दी गई है। वहीं, शम्भू पक्ष के लोगों का आरोप है कि गोली गिलगिल पक्ष के ही तरफ से चली है।

बता दें कि महुआडाबर निवासी गिलगिल उर्फ राघवेंद्र नारायण दुबे पांच साल पहले प्रधान थे। पिछली बार गांव के शम्भू यादव प्रधान चुने गए। इस वर्ष गिलगिल दुबे व निवर्तमान प्रधान शम्भू भी प्रधान पद का चुनाव लड़ रहे हैं। ऐसे में दोनों में तनातनी चल रही थी। 

Content Writer

Tamanna Bhardwaj