UP Police पर गिरी गाज! इंस्पेक्टर निलंबित, दरोगा भी नपे; एक साथ इतने पुलिसकर्मियों पर क्यों हुआ एक्शन ? जानें पूरा मामला

punjabkesari.in Sunday, Mar 29, 2026 - 12:32 PM (IST)

बदायूं : उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले के बिसौली थाने के निरीक्षक और उप निरीक्षक को एक नेत्रहीन शिकायतकर्ता को कोतवाली से गाली देकर और धक्के मारकर बाहर निकालने को लेकर तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। इस घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। अधिकारियों ने बताया कि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) अंकिता शर्मा ने उन्हें निलंबित करने का आदेश दिया। 

शर्मा ने बताया कि शिकायतकर्ता द्वारा दिए गए प्रार्थना पत्र के अनुसार गत तीन मार्च को एक मोटरसाइकिल और ई-रिक्शा की भिड़ंत हो गई थी। जिसमें मोहम्मदपुर के रहने वाले मोटरसाइकिल सवार युवक सुरेश पाल और उसका दृष्टिबाधित चाचा मोरपाल घायल हो गए थे, जिनका इलाज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में किया जा रहा था। उन्होंने बताया कि मोरपाल ने बिसौली थाने में दुर्घटना के बारे में एक औपचारिक शिकायत दर्ज करायी और बाद में मुख्यमंत्री पोर्टल पर भी पुलिस द्वारा कार्रवाई न करने की शिकायत की गई थी। 

शिकायत के अनुसार, मोरपाल शनिवार को पुलिस से कार्रवाई की गुहार लगाने कोतवाली गया था। वहां कुछ विवाद होने पर निरीक्षक राजेंद्र सिंह पुंडीर अपना आपा खो बैठे और कथित रूप से गालियां देते हुए शिकायतकर्ता को धक्के मारकर अपने कार्यालय कक्ष से बाहर निकाल दिया। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। इसके बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा ने निरीक्षक राजेंद्र सिंह पुंडीर और उप निरीक्षक भूपेंद्र यादव को निलंबित कर दिया तथा मामले की जांच बिसौली के पुलिस क्षेत्राधिकारी सुनील कुमार को सौंप दी। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Purnima Singh

Related News

static