UP पुलिस भर्ती 2018: टॉपर अंतिमा सिंह ने कहा- ‘अभी हासिल करना है बड़ा मुकाम’

punjabkesari.in Wednesday, Mar 04, 2020 - 12:19 PM (IST)

एटाः मुझे अभी मेहनत कर उच्चस्तर मुकाम हासिल करना है...यह वाक्य हैं उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती-2018 की परीक्षा में टॉप करने वाली अंतिमा सिंह का। बता दें कि अंतिमा ने दूसरे प्रयास में 300 में से 248 अंक हासिल कर टॉप किया है। उन्होंने अपनी सफलता के पीछे कड़ी मेहनत और लगन बताया।

300 में से 248 अंक हासिल कर किया टॉप
अंतिमा ने बताया कि पुलिस में सिर्फ कांस्टेबल पद पर जॉब लेना ही उनका मकसद नहीं हैं। उन्हें और आगे बढ़ना है। उन्होंने वर्ष 2019 में ग्रेजुएशन पास करने के बाद जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान एटा में डीएलएड में प्रवेश लिया। इससे पहले 2018 में भी अंतिमा ने पुलिस भर्ती की परीक्षा दी थी, लेकिन वो दौड़ में पीछे रह गई थी। हालांकि उन्होंने हार नहीं मानी और दूसरे प्रयास में 300 में से 248 अंक हासिल टॉप किया।

कड़ी मेहनत और लगन से की तैयारी
अंतिमा सिंह ने बताया कि कोचिंग और घर पर कुल मिलाकर प्रतिदिन 7 घंटे पढ़ाई करने के साथ-साथ वह नोट्स बनाकर प्रतिदिन अभ्यास करती थीं। उन्होंने कहा कि पुलिस में सिर्फ कांस्टेबल पद पर नौकरी पा लेना ही उनका मकसद नहीं हैं। उन्हें और मेहनत उच्चस्तर मुकाम हासिल करना है। उन्होंने कहा कि आज भी कुछ लोग बेटा-बेटी में फर्क करते हैं। बेटियों को पुलिस में भेजने से कतराते हैं। जबकि बेटियां किसी से कम नहीं है। उन्होंने संदेश दिया कि समाज में प्रत्येक माता-पिता अपनी बेटियों को खुलकर जीने की आजादी देनी चाहिए ताकि वो अपने सपनों को पूरा कर सकें।

कर्ज लेकर पढ़ाया पिता ने
अंतिमा के पिता सुनील कुमार किसान हैं। उन्होंने बेटी को कर्ज लेकर पढ़ाया और उसको आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। अंतिमा की मां अनीता सिंह गृहणी हैं और उनकी बड़ी बहन सुरभि सिंह पुलिस में हैं। अपनी बड़ी बहन को देखकर ही उन्होंने स्वयं भी पुलिस में भर्ती होने का फैसला लिया। 

 

 

Ajay kumar