सपा का पैदल मार्च फेल: राजभवन के पहले बैरिकेटिंग कर पुलिस ने रोका, धरने के बाद विधायकों संग वापस लौटे अखिलेश

punjabkesari.in Monday, Sep 19, 2022 - 11:40 AM (IST)

लखनऊ: महँगाई और बेरोज़गारी सहित अन्य मुद्दों पर सोमवार को विधानसभा तक पैदल मार्च कर रहे समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष अखिलेश यादव सहित पार्टी के सभी विधायकों को पुलिस सुरक्षा कारणों से राजभवन से पहले रोक दिया। जिससे नाराज सपा अध्यक्ष धरने पर बैठ गए। वहीं पुलिस द्वारा रोके जाने के बाद अखिलेश सपा विधायकों के साथ वापस लौट गए।



सोमवार से शुरू हो रहे विधान सभा के मानसून सत्र में हिस्सा लेने के लिए सपा विधायक अखिलेश की अगुवाई में पैदल मार्च करते हुए विधान भवन जा रहे थे। थोड़ा आगे बढ़ने के बाद पुलिस ने बैरिकेट लगाकर अखिलेश और अन्य सपा विधायकों को राजभवन से पहले रोक दिया। सपा विधायक हाथों में तख्ती लेकर विरोध जताते हुए आगे बढ़ रहे थे। सपा कार्यालय से कुछ दूर आगे बढ़ने पर ही उन्हें रोकि दिया गया। पुलिस अधिकारियो ने उन्हें पैदल मार्च करने से मना किया। पुलिस द्वारा आगे नहीं बढ़ने देने पर अखिलेश सहित सभी सपा विधायक सड़क पर ही धरने पर बैठ गए। पुलिस उन्हें मनाने की कोशिश कर रही है। वहीं पुलिस द्वारा रोके जाने के बाद अखिलेश अपने सभी विधायकों के साथ वापस लौट गए।


पुलिस ने कहा- सपा ने नहीं ली रूट की इजाजत
जॉइंट कमिश्नर (कानून व्यवस्था) पीयूष मोर्डिया ने कहा कि सपा की तरफ से किसी तरह की इजाजत नहीं ली गई थी। हालांकि उन्हें एक दूसरे रास्ते से जाने को कहा गया था, जिससे ट्रैफिक पर असर नहीं पड़ता। लेकिन उन्होंने दूसरे रूट का सुझाव नहीं माना। हमारे पास उन्हें रोकने के अलावा कोई रास्ता नहीं है।

ग़ौरतलब है कि रविवार को विधान सभा अध्यक्ष सतीश महाना की अध्यक्षता में सर्वदलीय बैठक में सभी दलो से सदन की कार्यवाही को सुचारू रूप से चलाने में मदद की अपील की गई थी। सत्तारूढ़ भाजपा के सहयोगी दलों की बैठक में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सरकार के मंत्रियों से विपक्ष के हर मुद्दे का तार्किक उत्तर देने की तैयारी करके सदन में आने को कहा था। उन्होंने पहले ही आगाह किया की विपक्ष मुद्दाविहीन है इसलिए सदन में शोरशराब कर व्यवधान डालने की कोशिश की जा सकती है।

Content Writer

Mamta Yadav