UP पुलिस का कारनामा, बिना महिला पुलिस के रेप पीड़िता को लेकर पहुंची थाने

punjabkesari.in Tuesday, Jul 31, 2018 - 06:44 PM (IST)

मऊः योगी सरकार की तमाम कोशिशों के बावजूद प्रदेश में महिलाओं के साथ रेप की घटनाएं थमने का नाम रही हैं। ताजा मामला मऊ का है। यहां 13 वर्षीय दलित रेप पीड़िता अपनी मां के साथ पुलिस की कार्यशैली से आहत होकर सिटी मजिस्ट्रेट कार्यालय के सामने धरने पर बैठ गई। जिसके चलते सिटी मजिस्ट्रेट के आदेश पर पीड़िता को मेडिकल परिक्षण के लिए भेजा गया। इस दौरान पुलिसकर्मी बिना महिला पुलिस के ही रेप पीड़िता को थाने ले गए।

मामला दक्षिण टोला थाना क्षेत्र का है। यहां की रहने वाली नाबालिग लड़की की मां मायके गई हुई थी। जिसके चलते लड़की घर पर अकेली सो रही थी। वहीं रात को 2 बजे पड़ोस के ही रहने वाले 3 युवक घर में घुस गए। उन्होंने नाबालिग के साथ दुष्कर्म किया। साथ ही वह लड़की को इस घटना के बारे में किसी से कुछ बताने पर जान से मारने की देते हुए फरार हो गए। अगले दिन पीड़ित लड़की की मां घर आई तो उसने सारी आपबीती मां को बताई।

जिसके बाद पीड़िता की मां थाने में आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कराने पहुंची, लेकिन पुलिस पीड़ित पक्ष पर सुलह-समझौते का दबाव बनाने लगी। पीड़ित पक्ष ने समझौता करने से मना कर दिया। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि एक महीने से अधिक हो गया, लेकिन पीड़ित लड़की का अभी तक मेडिकल परिक्षण भी नहीं हुआ है।

वहीं इस पूरे मामले से पीड़िता की मां ने सिटी मजिस्ट्रेट को अवगत कराया तो उन्होंने तुरंत दक्षिण टोला थाने के दरोगा को मेडिकल कराने का आदेश दिया।मौके पर पुलिस बिना महिला पुलिस के पीड़िता और उसकी मां को मेडिकल कराने के लिए थाने ले गई।

Tamanna Bhardwaj