UP Politics: कांग्रेस को मिल सकती हैं तीन और सीटें,  श्रावस्ती, भदोही और मुरादाबाद सीट पर कांग्रेस बना रही दबाव

punjabkesari.in Monday, Mar 04, 2024 - 08:09 AM (IST)

लखनऊ: भारतीय जनता पार्टी की ओर से लोकसभा चुनाव के लिए प्रत्याशियों की पहली सूची जारी होने के बाद टिकट को लेकर अन्य दलों में भी राजनीतिक सरगर्मी बढ़ गई है। इस बीच, कांग्रेस ने इंडिया गठबंधन के तहत सपा से तीन और सीटें पाने के लिए दबाव बनाना शुरू कर दिया है। कांग्रेस को ये सीटें मिलने की संभावना जताई जा रही है।

गठबंधन में कांग्रेस को 17 सीटें मिली हैं..
गठबंधन में कांग्रेस को 17 सीटें मिली हैं, जबकि सपा के खाते में 63 सीटें मिलीं, जिसमें एक सीट आजाद समाज पार्टी के प्रमुख चन्द्रशेखर आजाद को दी गई है। सूत्रों के अनुसार कांग्रेस प्रदेश की तीन और सीटें श्रावस्ती, भदोही और मुरादाबाद सीट की मांग कर रही है। पार्टी श्रावस्ती से पूर्व केंद्रीय मंत्री सलमान खुर्शीद व मुरादाबाद से पूर्व मंत्री नसीमुद्दीन सिद्दीकी को चुनाव मैदान में उतारना चाह रही है, जबकि भदोही सीट से राजेश मिश्रा को लड़ाने की चर्चा है। गठबंधन के लिए बनी कांग्रेस की समन्वय समिति इस पर सपा से वार्ता कर रही है। कांग्रेस को ये तीनों सीटें मिलने की संभावना है।



इन नेताओं को मिल सकता है टिकट
कांग्रेस सूत्रों ने बताया कि अमरोहा से पार्टी दानिश अली पर दांव लगा सकती है। बसपा से निलंबन के बाद दानिश की कांग्रेस से नजदीकी बढ़ी है, जबकि सहारनपुर से इमरान मसूद को टिकट दिया जा सकता है। इसी तरह, झांसी से चन्द्रभूषण सिंह या प्रदीप आदित्य, देवरिया अखिलेश प्रताप सिंह, बाराबंकी से पीएल पुनिया, कानपुर से आलोक मिश्रा व अजय कपूर का नाम चर्चा में है। महाराजगंज से राष्ट्रीय प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत, गोरखपुर की बांसगांव सीट से कमल किशोर कमांडो, गाजियाबाद से डॉली शर्मा के नामों पर चर्चा चल रही है।

रायबरेली व अमेठी से गांधी परिवार के लड़ने की संभावना 
अमेठी व रायबरेली सीट पर गांधी परिवार के लोगों को ही चुनाव लड़ाने की संभावना है। अमेठी से राहुल गांधी व रायबरेली से प्रियंका गांधी वाड्रा को टिकट दिये जाने की चर्चा है, जबकि वाराणसी से कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय के चुनाव मैदान में उतरने की संभावना जताई जा रही है।

Content Writer

Ajay kumar