यूपी: 14 सीटों पर हो रहा मतदान शाम 6 बजे खत्म, 57.33 फीसदी हुई वोटिंग

punjabkesari.in Monday, May 06, 2019 - 07:23 PM (IST)

लखनऊ: लोकसभा चुनाव के पांचवें चरण में उत्तर प्रदेश की 14 सीटों पर मतदान सोमवार शाम 6 बजे खत्म हो गया। प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी एल. वेंकटेश्वर लू ने बताया कि पांचवें चरण में राज्य की 14 सीटों धौरहरा, सीतापुर, मोहनलालगंज (सुरक्षित), लखनऊ, बांदा, फतेहपुर, कौशाम्बी (सुरक्षित), बाराबंकी (सुरक्षित), फैजाबाद, बहराइच (सुरक्षित), कैसरगंज, अमेठी, रायबरेली और गोंडा में मतदान सुबह 7 बजे से जारी था जो शाम 6 बजे तक चला। आयोग के सूत्रों के मुताबिक शाम 6 बजे तक कुल 57.33 फीसदी मतदान हुआ है। मतदान शांतिपूर्ण तरीके से हुआ। 

पहले मतदान, फिर जलपान-याेगी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ट्वीट कर लिखा कि लोकतंत्र के महाकुंभ के 5वें चरण का आप सब आनंद लें। याद है न, 'पहले मतदान, फिर जलपान'। खासकर, पहली बार वोट देने जा रहे युवक-युवती तो इसको उत्सव की तरह ही मनाएं। आपका हर वोट भारत की लोकतांत्रिक विरासत को और समृद्धि प्रदान करेगा, जैसे कुंभ को आपकी भागीदारी ने भव्य और दिव्य बनाया।

05 बजे तक का मतदान प्रतिशत:-

सीट मतदान प्रतिशत
धौरहरा(खीरी) 64.00%
सीतापुर 62.66%
मोहनलालगंज 60.65%
लखनऊ 53.94%
बांदा 60.00%
फतेहपुर 55.08%
कौशाम्बी 53.60%
बाराबंकी 63.0%
फैजाबाद 60.40%
बहराइच 56.23%
कैसरगंज 54.87%
गोंडा 51.80%
अमेठी 53.20%
रायबरेली 53.68%

राज्य मुख्य निर्वाचन कार्यालय के अनुसार, 5वें चरण में 16 जिलों के 14 लोकसभा निर्वाचन क्षेत्रों में 2,50,68,296 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। जिनमें पुरुष मतदाताओं की संख्या 1,34,32,569, महिला मतदाताओं की संख्या 1,16,34,426 और थर्ड जेंडर की संख्या 1301 थी। इस चरण में लखनऊ क्षेत्र में सबसे अधिक मतदाताओं की संख्या 20,38,725 थी, जबकि धौरहरा में सबसे कम मतदाताओं की संख्या 16,44,156 थी। 5वें चरण में मतदान केंद्रों की संख्या 16,126 थी, जबकि मतदेय स्थलों की संख्या 28,100 थी। 

इस चरण में अमेठी सीट पर सबसे अधिक 27 प्रत्याशी चुनाव मैदान में थे। इसके अलावा लखनऊ और रायबरेली सीट पर 15-15, बाराबंकी और फैजाबाद सीट पर 13-13, सीतापुर, कौशाम्बी, मोहनलालगंज और कैसरगंज सीट पर 12-12, बहराइच और फतेहपुर सीट पर 10-10 और सबसे कम 8 प्रत्याशी धौरहरा सीट पर भाग्य आजमा रहे थे। इनमें महिला प्रत्याशियों की संख्या 26 थी। 5वें चरण में प्रमुख रूप से बीजेपी और कांग्रेस के 14-14, बसपा के 5, सपा के 7 और सीपीआई का एक जबकि शेष अन्य एवं निर्दलीय प्रत्याशी चुनावी मैदान में थे।
उल्लेखनीय है कि कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी उत्तर प्रदेश की अमेठी सीट से मैदान में हैं। केंद्रीय मंत्री एवं बीजेपी उम्मीदवार स्मृति ईरानी से उनका सीधा मुकाबला है। सपा-बसपा-रालोद गठबंधन ने अमेठी और रायबरेली सीट पर अपने प्रत्याशी नहीं उतारे हैं। लखनऊ सीट से गृहमंत्री राजनाथ सिंह अपनी चुनावी किस्मत आजमा रहे हैं। यहां से सपा की पूनम सिन्हा खड़ी हैं, जो बीजेपी छोड़कर कांग्रेस में शामिल हुए नेता एवं अभिनेता शत्रुघ्न सिन्हा की पत्नी हैं। वहीं यूपी की ही चर्चित रायबरेली सीट से कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी एक बार फिर अपनी चुनावी किस्मत आजमा रही हैं। उनके खिलाफ बीजेपी ने दिनेश प्रताप सिंह को टिकट दिया है। 

Deepika Rajput