UP: महिला अस्पताल से प्रेग्नेंट कोरोना पॉजिटिव हुई फरार, मचा हड़कंप

punjabkesari.in Thursday, Aug 06, 2020 - 09:55 AM (IST)

अलीगढ़: उत्तर प्रदेश अलीगढ़ के थाना बन्नादेवी इलाके के रसलगंज स्थित मोहनलाल राजकीय महिला अस्पताल में भर्ती गर्भवती महिला की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आने की जानकारी लगते ही अपने पति के साथ फरार हो गई। अचानक कोरोना पॉजिटिव महिला के अस्पताल से गायब होने पर अस्पताल स्टाफ और स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया। मौके पर सीएमओ जांच के लिए पहुंच गए।

बता दें कि बन्नादेवी इलाका स्थित रसाल गंज में मोहनलाल गौतम राजकीय महिला चिकित्सालय है। जहां से एक महिला गर्भवती अवस्था में भर्ती हुई थी। जिसका कोरोना टेस्ट कराया गया तो उसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई। इसकी भनक जैसे ही महिला को लगी तो वह अपने पति के साथ अस्पताल से फरार हो गई। मामले की जानकारी लगते ही अस्पताल स्टाफ और स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया।

मौके पर सूचना मिलने के बाद सीएमओ डॉ. भानु प्रताप सिंह कल्याणी भी पहुंच गए। जिन्होंने बताया कि महिला की गुमशुदगी संबंधित थाने को दे दी गई है। हालांकि पता चला है की वह गर्भवती महिला अपने घर पहुंच गई है। जहां पर टीम रवाना की गई है। इसकी सूचना पुलिस को भी दी गई है।

 

 

 

Author

Moulshree Tripathi