UP: क्वारंटाइन किए गए युवक ने किया ऐसा काम, अब होना पड़ा शादी के लिए राजी

punjabkesari.in Friday, May 22, 2020 - 11:09 AM (IST)

कुशीनगर: उत्तर प्रदेश में जनपद कुशीनगर से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां खड्डा क्षेत्र के एक गांव में होम क्वारंटाइन युवक गुरुवार को गन्ने के खेत में प्रेमिका के साथ पकड़ा गया। जिसके बाद ग्रामीणों ने दोनों की धुनाई करने के साथ पुलिस को सौंप दिया। बाद में दोनों के परिजन उनका निकाह कराने पर राजी हो गए।

पुलिस सूत्रों ने शुक्रवार को यहां बताया कि खड्डा क्षेत्र के एक गांव का प्रवासी मजदूर कुछ दिन पूर्व बाहर से लौटा था। अस्पताल में उसकी थर्मल स्क्रीनिंग करने के बाद होम क्वारंटाइन कर दिया गया। युवक इसका उल्लंघन करते हुए गुरवार को अपनी प्रेमिका से मिलने गन्ने के खेत में पहुंच गया। काफी देर से गायब युवक को खोजते हुए परिवार के लोग ग्रामीणों के साथ खेत में पहुंचे और दोनों को पकड़ लिया। पिटाई करने के साथ ही पुलिस को सूचना दी। उन्होंने बताया कि पुलिस दोनों को लेकर थाने पहुंची। आठ घंटे बाद लड़के ने 30 मई से पहले होम क्वारंटाइन की अवधि समाप्त होने के बाद लड़की से निकाह कर लेने की बात कही।

थानाध्यक्ष खड्डा रामकृष्ण यादव ने बताया कि दोनों बालिग हैं। निकाहनामे की बात पर दोनों परिवारों ने समझौता कर लिया है। इसके बाद दोनों को छोड़ दिया गया है।

Edited By

Umakant yadav