UP में मौसम का डबल अटैक! 25 जिलों में आंधी-तूफान के साथ बारिश, 24 में बरसेगी आग.... विभाग का बड़ा अलर्ट
punjabkesari.in Saturday, Mar 14, 2026 - 02:13 PM (IST)
UP Rain Alert: उत्तर प्रदेश में अगले कुछ दिनों में मौसम का मिजाज बदलने वाला है। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में 15 मार्च से कई जिलों में आंधी, बारिश और गरज-चमक के साथ वज्रपात की संभावना जताई गई है। बदले मौसम के कारण तापमान में गिरावट आने की उम्मीद है, जिससे लोगों को बढ़ती गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है।
15 मार्च से कई जिलों में बारिश के आसार (UP Rain Alert)
मौसम विभाग के अनुसार 14 मार्च को प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में मौसम साफ रहेगा और तेज धूप देखने को मिलेगी। हालांकि कुछ जिलों में हल्के बादलों की आवाजाही हो सकती है। वहीं 15 मार्च से करीब 25 जिलों में बादल छाने, गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना जताई गई है। 16 मार्च को भी कई जिलों में बादलों की मौजूदगी और बूंदाबांदी की स्थिति बनी रह सकती है।
इन जिलों में 35 से 37 डिग्री तक रह सकता है पारा
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार शनिवार को अयोध्या, बहराइच, बस्ती, बांदा, झांसी, ललितपुर, महोबा, आगरा, अलीगढ़, गोरखपुर, महराजगंज, श्रावस्ती, वाराणसी, मथुरा, मेरठ, सहारनपुर, रामपुर, बरेली, अमेठी, बाराबंकी, रायबरेली, गाजियाबाद, मुजफ्फरनगर और शामली समेत कई जिलों में अधिकतम तापमान 35 से 37 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
तेज हवाओं के साथ गिरेगा तापमान
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार 15 और 16 मार्च को बारिश के साथ कई स्थानों पर 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। इसके चलते अधिकतम और न्यूनतम तापमान में करीब 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने की संभावना है।
यह भी पढ़ें : UP में खौफनाक वारदात! बाइक खड़ी करने के विवाद में मां के सामने युवक की लाठी-डंडों से पीट-पीटकर हत्या, शव की हालत देख कांपे परिजन
लखनऊ में 24 घंटे बाद बदलेगा मौसम
राजधानी लखनऊ में शनिवार को आसमान साफ रहेगा और तेज धूप का असर देखने को मिलेगा। यहां अधिकतम तापमान करीब 35 डिग्री और न्यूनतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। हालांकि अगले 24 घंटे बाद मौसम बदलने की संभावना है। 16 मार्च को लखनऊ में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश हो सकती है, जबकि 17 मार्च को भी बादलों की आवाजाही बनी रहने का अनुमान है।
बांदा में सबसे ज्यादा गर्मी
प्रदेश में पिछले कुछ दिनों से तापमान में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। बीते 24 घंटों में बांदा में अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो प्रदेश में सबसे अधिक रहा। वहीं नजीबाबाद में न्यूनतम तापमान 15.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

