UP: नोएडा से 3 साल पहले अगवा की गई किशोरी बरामद, पुलिस का दावा- लड़की शादीशुदा...एक बच्चे की मां

punjabkesari.in Wednesday, Aug 17, 2022 - 07:38 PM (IST)

नोएडा: उत्तर प्रदेश में गौतमबुद्ध नगर पुलिस ने तीन साल पहले यहां एक कॉलोनी से कथित रूप से अगवा की गई एक नाबालिग लड़की को बुधवार को बरामद कर लिया और उसे मजिस्ट्रट के समक्ष पेश किया जाएगा। पुलिस के मुताबिक, लड़की अब बालिग हो गई है और उसका दावा है कि वह आरोपी से प्रेम करती है, दोनों ने शादी की है और उनका एक बच्चा भी है।

थाना सेक्टर 39 के प्रभारी निरीक्षक राजीव बालियान ने बताया कि 2019 में एक व्यक्ति ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसकी 16 वर्षीय बेटी को यहां नोएडा की एक कॉलोनी से एक युवक ने अगवा कर लिया है। उन्होंने बताया कि इस बाबत पुलिस ने एक व्यक्ति को पूर्व में गिरफ्तार किया था, लेकिन लड़की का पता नहीं चल पाया था। बालियान के मुताबिक, पुलिस ने किशोरी को बरामद कर लिया और आरोपी युवक को फिलहाल हिरासत में ले लिया गया है।

उन्होंने बताया कि आरोपी ने किशोरी से कथित तौर पर दुष्कर्म किया,जिससे वह गर्भवती हो गई और उसने एक बच्चे को जन्म दिया। थाना प्रभारी ने बताया कि पूछताछ में लड़की ने बताया कि और वे दोनों एक दूसरे से प्रेम करते हैं और दोनों ने शादी की है। पुलिस दोनों को मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश कर रही है।

Content Writer

Mamta Yadav