यूपी बनेगा सौर ऊर्जा निवेश का हब, 7-9 मई को लखनऊ में होगा UP Energy Expo 2026 का आयोजन

punjabkesari.in Tuesday, Mar 10, 2026 - 09:13 AM (IST)

कानपुर: उत्तर प्रदेश को स्वच्छ ऊर्जा निवेश का प्रमुख केंद्र बनाने के उद्देश्य से पीएचडी चैंबर ऑफ कामर्स एंड इंडस्ट्री (PHDCCI) और फस्टर् व्यू ने उत्तर प्रदेश नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा विकास अभिकरण तथा राज्य सरकार के सहयोग से एक प्री-इवेंट जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया। विकास भवन में आयोजित इस कार्यक्रम में उद्योग जगत के कई हितधारकों ने भाग लिया। 

ऊर्जा सुरक्षा और सतत विकास को मिलेगी मजबूती 
कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी दीक्षा जैन ने कहा कि प्रदेश में नवीकरणीय ऊर्जा को बढ़ावा देना समय की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि पीएम सूर्य घर: मुफ्त बिजली योजना और पीएम कुसुम योजना जैसे प्रयास घरों, किसानों और उद्योगों को सौर ऊर्जा अपनाने के लिए प्रोत्साहित कर रहे हैं, जिससे ऊर्जा सुरक्षा और सतत विकास को मजबूती मिलेगी। पीएचडीसीसीआई के सीनियर रीजनल डायरेक्टर अतुल श्रीवास्तव ने बताया कि यूपी एनर्जी एक्सपो 2026 का आयोजन 7 से 9 मई तक इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में किया जाएगा। तीन दिवसीय इस एक्सपो में भारत और विदेशों से 150 से अधिक प्रदर्शक भाग लेंगे तथा 10 विशेष सत्रों में 60 से अधिक वक्ता नई तकनीकों, नीतियों और निवेश के अवसरों पर चर्चा करेंगे।       

औद्योगिक विकास को मिलेगी गति   
इस अवसर पर संयुक्त निदेशक, एमएसएमई वी.के. वर्मा ने कहा कि एमएसएमई क्षेत्र के लिए सौर ऊर्जा अपनाना महत्वपूर्ण है क्योंकि इससे उद्योगों की लागत कम होगी और सतत विकास को बढ़ावा मिलेगा। वहीं जिला उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक अंजनीश प्रताप सिंह ने कहा कि सौर ऊर्जा उद्योगों के लिए लगातार किफायती होती जा रही है, जिससे औद्योगिक विकास को गति मिलेगी। गोल्डी ग्रुप लि. के निदेशक सुदीप गोयनका ने कहा कि सौर ऊर्जा में अपार संभावनाएं हैं और भविष्य में यह ऊर्जा का सबसे बेहतर विकल्प बन सकती है। इस अवसर पर यूपीनेडा के परियोजना प्रबंधक राजेश कुमार पांडेय ने पीएम सूर्य घर और पीएम कुसुम योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी।       

यूपी एनर्जी एक्सपो 2026 के प्रोग्राम कन्वीनर पराग मिश्रा ने कहा कि उत्तर प्रदेश में सौर ऊर्जा के भविष्य को मजबूत बनाने के लिए यह एक्सपो एक महत्वपूर्ण मंच साबित होगा। उन्होंने कहा कि पीएचडीसीसीआई ने इस कार्यक्रम के माध्यम से लोगों को जागरूक किया है ताकि अधिक से अधिक लोग पीएम सूर्य घर योजना को अपनाएँ, इसमें भाग लें और इसका लाभ उठायें। 

कब-कब होगा आयोजन   
आयोजकों के अनुसार यूपी एनर्जी एक्सपो 2026 का उद्देश्य प्रदेश को स्वच्छ ऊर्जा निवेश का प्रमुख केंद्र बनाना है। एक्सपो में रूफटॉप सोलर, बड़े सोलर प्रोजेक्ट्स तथा कमर्शियल और इंडस्ट्रियल सोलर समाधान प्रदर्शित किए जाएंगे। इसके साथ ही यूपी ईवी एक्सपो, यूपी स्माटर् ग्रिड एक्सपो और यूपी स्टोरेज एक्सपो जैसे विशेष खंड भी शामिल होंगे। एक्सपो से पहले राज्य में जागरूकता कार्यक्रमों की श्रृंखला भी आयोजित की जा रही है। इसके तहत 20 मार्च को प्रयागराज, 27 मार्च को वाराणसी, 17 अप्रैल को गोरखपुर और 24 अप्रैल को लखनऊ में कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Pooja Gill

Related News

static