UP: छेड़खानी के आरोप में गिरफ्तार किए गए दो बंदी जिला जेल से फरार, मचा हड़कंप

punjabkesari.in Sunday, May 24, 2020 - 02:21 PM (IST)

गाजीपुर: वैश्विक महामारी कोरोना वायरस के बढ़ते संक्रमण को देखते हुए देशभर में लागू किए गए लॉकडाउन को 31 मई तक बढ़ा दिया गया है। इसी बीच यूपी के जनपद गाजीपुर जिला जेल से शनिवार देर रात दो बंदी फरार हो गए। बंदियों के जेल से भाग जाने की सूचना पर अधिकारियों में हड़कंप मच गया। जिसके बाद आनन-फानन में आलाधिकारी मौके पर पहुंचे। वहीं कार्रवाई करते हुए जिला जेल में तैनात दो बंदी रक्षकों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया।

बता दें कि जिला जेल में दो दिन पहले छेड़खानी के आरोप में दो बंदियों को गिरफ्तार कर लाया गया था। शनिवार देर रात दोनों ने गर्मी होने के कारण घबड़ाहट की शिकायत की थी। जिस पर जेल में मौजूद कर्मचारियों ने दोनों को बैरक से बाहर निकाल दिया।

वहीं रात करीब 2.30 बजे दोनों बैरक की छत से कूद कर भाग गए। रविवार सुबह जब बंदियों की गिनती हुई तो दोनों के फरार होने की जानकारी मिली। जिसके बाद जानकारी वरिष्ठ अधिकारियों को दी गई तो हड़कंप मच गया।

Edited By

Umakant yadav