UP: ननिहाल आए दो साल के बच्चे ने पानी समझकर पी लिया कीटनाशक, तड़प-तड़पकर तोड़ा दम
punjabkesari.in Tuesday, Feb 06, 2024 - 03:54 PM (IST)

फिरोजाबाद: छोटे बच्चों के आस-पास जहरीली चीजें कभी नहीं रखनी, नहीं तो बच्चों के साथ कोई बड़ा हादसा हो सकता है। ऐसा ही हादसा यूपी के फिरोजाबाद में हुआ है। जहां दो साल के एक मासूम ने पानी समझकर बोतल में रखा कीटनाशक पी लिया। इससे उसकी हालत बिगड़ गई। जिसके बाद बच्चे को अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद से परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है।
घटना सिरसागंज थाना क्षेत्र के मोहल्ला नगला तुरकिया की है। दरअसल, दिल्ली के संगम बिहार में रहने वाले हसमत का 2 वर्षीय बेटा फरहान अपनी मां के साथ अपनी ननिहाल गांव नगला तुर्किया आया हुआ था। सोमवार की दोपहर फरहान खेल रहा था, तभी उसकी नजर घर में रखी एक बोतल पर पड़ी। बोतल में कीटनाश रखा था। जावेद खान ने बताया कि फरहान ने पानी समझकर बोतल का उठा लिया। इसके ढक्कन खोलकर उसे मुंह से लगा लिया। कीटनाशक पीने से उसकी हालत खराब हो गई। इसके बाद परिवार के लोग उसे लेकर फिरोजाबाद के मेडिकल कॉलेज पहुंचे।
जहां मेडिकल कॉलेज में चिकित्सकों ने मासूम को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद वे बिना किसी कार्रवाई के शव को घर लेकर चले गए। फरहान कुछ दिनों पहले ही अपनी मां के साथ ननिहाल आया था। परिजनों ने बताया कि वह परिवार में सबका दुलारा था। पड़ोसी भी उसे खूब प्यार करते थे। इस बारे में थाना प्रभारी सिरसागंज उदयवीर सिंह ने बताया कि परिजनों ने इस संबंध में पुलिस को कोई सूचना नहीं दी है। पुलिस जानकारी जुटा रही है।