UP: पुलिस कारगुजारी के चलते पलायन करने पर मजबूर पीड़ित परिवार

punjabkesari.in Monday, Mar 09, 2020 - 04:28 PM (IST)

फर्रुखाबाद: उत्तर प्रदेश के फर्रूखाबाद में पुलिस कारगुजारियों के चलते एक परिवार पलायन करने पर मजबूर है। परिजनों का आरोप है की बेटी के हत्यारे आरोपी उन्हें जान से मारने की धमकी दे रहे हैं।

बता दें कि शमसाबाद थाना क्षेत्र निवासी कक्षा दस की छात्रा 13 अक्टूबर 2019 की शाम को घर से कोचिंग गई थी। 14 अक्तूबर को उसका वस्त्रहीन शव गांव किसरोली के पास रेलवे ट्रैक पर पड़ा मिला था। पिता ने अज्ञात पर रिपोर्ट दर्ज कराकर गांव के चार युवकों पर शक जाहिर किया था। पुलिस ने उनसे कई चक्रों में पूछताछ की और छोड़ दिया था।

इसी क्रम में लखनऊ विधि विज्ञान प्रयोगशाला के वैज्ञानिकों ने घटना स्थल पर छात्रा की मौत का डेमो किया था। उन्होंने आत्महत्या बताकर आख्या भेज दी थी लेकिन इसके कारण के बारे में पुलिस ने छानबीन की कोशिश नहीं की। जांच को ठंडे बस्ते में डाल दिया था। जिसके बाद महिला आयोग के आदेश पर जांच एएसपी त्रिभुवन सिंह को दी गई है। रविवार को उन्होंने रेलवे ट्रैक पर जाकर छानबीन और गेटमैन से पूछताछ की। इसके बाद छात्रा के गांव में पहुंचे।

पीड़ित पिता ने बताया कि जिन युवकों पर उन्हें बेटी की हत्या का शक है, वे उन्हें जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। आरोपी कहते हैं उनका कोई कुछ नहीं कर सकता है। उन्होंने थाने में शिकायत की पर कोई सुनने वाला नहीं है। उनके डर से गांव से जाने के लिए सामान डीसीएम में भर कर दूसरी जगह चले जाएंगे। 5 महीने हो गए उन्हें अभी तक न्याय नहीं मिला है। 

एएसपी त्रिभुवन सिंह ने बताया कि छात्रा के पिता व भाई गांव में मिले थे। डीसीएम उनके दरवाजे पर खड़ी थी। कुछ सामान लदा था। उन्हें भरोसा दिया गया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है और कार्रवाई होगी। जो लोग धमकी दे रहे हैं उनकी लाई डिटेक्टर टेस्ट भी कराए जाएंगे। उनके खिलाफ भी कार्रवाई होगी।

Ajay kumar