गर्मी को लगा ब्रेक, आंधी-पानी का टेकओवर: UP में शुरू होने वाला है कुदरत का 72 घंटे वाला तांडव, जानें अपने शहर का हाल
punjabkesari.in Tuesday, Apr 07, 2026 - 08:18 AM (IST)
UP Weather Alert: उत्तर प्रदेश में चिलचिलाती गर्मी के बीच मौसम ने एक बार फिर खतरनाक रुख अख्तियार कर लिया है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के ताजा अपडेट के अनुसार, अगले 48 से 72 घंटों तक पूरे प्रदेश में मौसम का मिजाज बिगड़ा रहेगा। पश्चिमी उत्तर प्रदेश से उठा यह तूफानी सिस्टम अब धीरे-धीरे पूरे राज्य को अपनी चपेट में ले रहा है, जिससे नोएडा से लेकर गाजीपुर तक बिजली गिरने और भारी बारिश का खतरा मंडरा रहा है।
क्यों बदला मौसम का मिजाज?
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, उत्तर-पश्चिम दिशा से सक्रिय हुआ पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) इस बड़े बदलाव की मुख्य वजह है। जब पहाड़ों से आ रही ठंडी नमी वाली हवाएं मैदानी इलाकों की गर्म हवाओं से टकराती हैं, तो आंधी-तूफान की स्थिति बनती है। यही कारण है कि दिन में तेज धूप के बाद शाम होते ही अचानक आसमान में काली घटाएं छा रही हैं।
पश्चिमी यूपी में रेड अलर्ट जैसी स्थिति
मौसम विभाग ने पश्चिमी यूपी के जिलों को सबसे ज्यादा संवेदनशील बताया है। जहां 50 से 60 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से विनाशकारी हवाएं चल सकती हैं। आगरा, अलीगढ़, मथुरा, मेरठ, गाजियाबाद, नोएडा, बागपत और सहारनपुर। वहीं इन इलाकों में बारिश के साथ ओलावृष्टि (Hailstorm) की भी आशंका है, जो किसानों के लिए बड़ी मुसीबत बन सकती है।
लखनऊ-कानपुर में शाम का प्रहार, पूर्वी यूपी में बिजली का खतरा
मध्य यूपी जैसे लखनऊ, कानपुर और उन्नाव में दिन भर उमस और गर्मी रहेगी, लेकिन शाम होते ही मौसम करवट लेगा। यहां 40 से 50 किमी की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। इसके अलवा पूर्वी यूपी जैसे वाराणसी, गोरखपुर और आजमगढ़ जैसे जिलों में बारिश भले ही हल्की हो, लेकिन बिजली गिरने (Lightning) का खतरा सबसे ज्यादा है। यहां के लोगों को आसमान से बरसने वाली बिजली के प्रति सतर्क रहने को कहा गया है।
किसानों की मेहनत पर मंडरा रहा खतरा
यह मौसम का बदलाव ऐसे समय आया है जब खेतों में गेहूं की कटाई जोरों पर है। तेज हवाओं के कारण फसलें गिर सकती हैं और बारिश से दाने काले पड़ सकते हैं। कृषि विशेषज्ञों ने किसानों को सलाह दी है कि वे कटी हुई फसल को तुरंत सुरक्षित स्थानों पर ढक कर रखें।
सावधानी ही बचाव है: मौसम विभाग की गाइडलाइन
मौसम विभाग ने आम जनजीवन के लिए विशेष एडवाइजरी जारी की है:-
- पेड़ों से दूर रहें: तेज आंधी के दौरान पेड़ों या जर्जर इमारतों के नीचे शरण न लें।
- बिजली के खंभों से बचें: गरज-चमक के दौरान बिजली के खंभों और खुले मैदानों से दूर रहें।
- घर के अंदर रहें: खराब मौसम की स्थिति में घर से बाहर निकलने से बचें, विशेषकर बिजली चमकते समय।

