घाघरा नदी उफान पर, कई गांव डूबे: UP के 38 जिलों में ऑरेंज-येलो अलर्ट जारी... जानें अपने शहर का हाल

punjabkesari.in Wednesday, Sep 09, 2026 - 01:38 PM (IST)

UP Weather Alert: उत्तर प्रदेश में मानसून की सक्रियता एक बार फिर बढ़ने के आसार हैं। क्षेत्र में कम दबाव का क्षेत्र बनने के कारण अगले कुछ दिनों में प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश होने की संभावना है। मौसम विज्ञान विभाग ने कई जिलों के लिए ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया है। क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र, लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार, अगले 24 घंटे में नेपाल से सटे जिलों में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। प्रदेश के उत्तरी हिस्से के कुछ जिलों में भी भारी बारिश की संभावना है। उन्होंने बताया कि मानसूनी गतिविधियों में थोड़ी कमी के बाद अगले 3 दिनों तक पूर्वी उत्तर प्रदेश में कहीं-कहीं भारी बारिश होने का अनुमान है।

मौसम विभाग ने बहराइच, बलरामपुर, बिजनौर, लखीमपुर खीरी, महाराजगंज, मुरादाबाद, सिद्धार्थनगर और श्रावस्ती तथा आसपास के क्षेत्रों के लिए ऑरेंज अलटर् जारी किया है। वहीं आगरा, अमरोहा, बरेली, बाराबंकी, देवरिया, गोंडा, गोरखपुर, हरदोई, मेरठ, पीलीभीत, शाहजहांपुर और सीतापुर समेत करीब 30 जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। बारिश के लिहाज से रविवार को बरेली में स्थिति सबसे अधिक प्रभावी रही। वहां सुबह साढ़े 8 बजे से रात साढ़े 8 बजे तक 12 घंटे में 141.3 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।

ये भी पढ़ें:- घर में मंदिर के बगल बनाई मजार, पत्नी पर बुर्का पहनने का दबाव... कानपुर में धर्मांतरण की साजिश पर बवाल

पिछले 24 घंटे में बिजनौर में 134 मिलीमीटर, मुरादाबाद सीडब्ल्यूसी में 114.2 मिलीमीटर, अमरोहा के सादात में 88 मिलीमीटर और हमीरपुर के राठ में 68 मिलीमीटर बारिश दर्ज हुई। राजधानी लखनऊ में रविवार को 5.8 मिलीमीटर बारिश हुई। सोमवार को यहां अधिकतम तापमान करीब 30 और न्यूनतम 25 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। अगस्त में सामान्य से अधिक बारिश के बावजूद प्रदेश के 24 जिलों में अब भी बारिश की कमी या बड़ी कमी बनी हुई है।

बताया जा रहा है कि 34 जिलों में सामान्य बारिश हुई है, जबकि 17 जिलों में अधिक या अत्यधिक अधिक बारिश दर्ज की गई है। नेपाल में हुई भारी बारिश और वहां से छोड़े गए पानी के कारण बहराइच में घाघरा नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ा है। रविवार सुबह एल्गिन ब्रिज पर घाघरा नदी खतरे के निशान से 29 सेंटीमीटर ऊपर बह रही थी। जलस्तर बढ़ने से महसी तहसील के नदी किनारे बसे कई गांव प्रभावित हुए हैं। प्रशासन की ओर से स्थिति पर नजर रखी जा रही है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Anil Kapoor

Related News

static