UP Weather Update: पहाड़ों की बर्फबारी का असर, यूपी में पारा गिरा... 29 जिलों में शीतलहर का अलर्ट
punjabkesari.in Sunday, Nov 16, 2025 - 04:21 PM (IST)
UP Weather Update: उत्तर प्रदेश में ठंड ने दस्तक दे दी है और राज्य के कई जिलों में शीतलहर का असर तेज़ हो गया है। उत्तर-पश्चिमी हवाओं के कारण रात के तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। शनिवार की रात प्रदेश के 10 से अधिक जिलों में पारा 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच गया, जबकि कानपुर सबसे ठंडा शहर रहा, जहां न्यूनतम तापमान 7.6 डिग्री दर्ज किया गया।
29 जिलों में शीतलहर का अलर्ट/ UP Weather Update
मौसम विभाग ने प्रदेश के 29 जिलों को शीतलहर के लिए अलर्ट पर रखा है। इससे पहले शनिवार को भी चेतावनी जारी की गई थी, हालांकि तापमान में अपेक्षित गिरावट देखने को नहीं मिली। विभाग का कहना है कि आने वाले दिनों में हवा की दिशा और गति में बदलाव के कारण ठंड और बढ़ सकती है।
कई जिलों में साफ आसमान, कोहरा और शुष्क हवाएँ/ UP Weather Update
मौसम विभाग के अनुसार यूपी के पूर्वी और पश्चिमी हिस्सों में मौसम साफ और शुष्क रहेगा। सुबह के समय कहीं-कहीं हल्का से मध्यम कोहरा छाने के आसार हैं, जबकि शीतलहर का प्रभाव कई क्षेत्रों में जारी रहेगा।
जिन जिलों में शीतलहर का अलर्ट जारी है, वे हैं- रामपुर, बरेली, पीलीभीत, सीतापुर, अमेठी, उन्नाव, हरदोई, कानपुर देहात, औरेया, इटावा, मैनपुरी, रायबरेली, लखीमपुर खीरी, कानपुर नगर, फिरोजाबाद, आगरा, मथुरा, श्रावस्ती, बहराइच, गोंडा, अयोध्या, बाराबंकी, फतेहपुर, एटा, कन्नौज, शाहजहांपुर, फर्रुखाबाद और बदायूं।
पहाड़ों की बर्फबारी का मैदानी इलाकों पर असर/ UP Weather Update
मौसम विभाग ने बताया कि हल्की उत्तर-पश्चिमी हवाओं के कारण तापमान में और गिरावट आने की संभावना है। उत्तरी पहाड़ी राज्यों में हो रही बर्फबारी का प्रभाव मैदानी इलाकों तक पहुंच रहा है, जिसके चलते शीतलहर का असर बढ़ सकता है।
लखनऊ में भी तापमान नीचे, मौसम साफ/ UP Weather Update
राजधानी लखनऊ में मौसम साफ रहने का अनुमान है। यहां अधिकतम तापमान 28 डिग्री और न्यूनतम 11 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। विभाग के अनुसार आमतौर पर दिसंबर और जनवरी सबसे ठंडे महीनों में गिने जाते हैं, लेकिन इस बार नवंबर में ही तापमान तेजी से गिरने लगा है, जिससे राज्यवासियों को ठंड का अहसास पहले से ही ज्यादा होने लगा है।

