UP Weather Update: मार्च में ही छूटेगा पसीना, अगले 3 दिन में 40°C के करीब पहुंचेगा पारा; देखें अपने जिले का ताजा अपडेट
punjabkesari.in Sunday, Mar 08, 2026 - 07:52 AM (IST)
UP Weather Update: उत्तर प्रदेश में मार्च की शुरुआत के साथ ही सूरज के तेवर तल्ख होने लगे हैं। मौसम विभाग के ताजा अनुमान के मुताबिक, अगले 72 घंटों में प्रदेश के अधिकतम तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस की भारी बढ़ोतरी देखी जा सकती है। आलम यह होगा कि मार्च के पहले ही पखवाड़े में लोगों को अप्रैल और मई जैसी भीषण गर्मी का अहसास होने लगेगा।
पश्चिमी यूपी में चलेंगी झोंकेदार हवाएं
आंचलिक मौसम केंद्र, लखनऊ के अनुसार, आज यानी 8 मार्च को प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम शुष्क रहेगा। पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ जिलों में तेज झोंकेदार हवाएं चलने की संभावना है, जिससे धूल भरी गर्मी का सामना करना पड़ सकता है। हालांकि, फिलहाल पूरे प्रदेश को ग्रीन जोन में रखा गया है।
प्रमुख शहरों का हाल: कहां कितनी गर्मी?
लखनऊ और नोएडा
राजधानी लखनऊ में आज अधिकतम तापमान 32 डिग्री के आसपास रहने का अनुमान है, जबकि न्यूनतम तापमान 16 डिग्री रहेगा। वहीं, दिल्ली-एनसीआर से सटे नोएडा में भी पारे में उछाल दर्ज किया जाएगा।
मेरठ से बनारस तक
मेरठ, गाजियाबाद, वाराणसी, प्रयागराज, और गोरखपुर जैसे बड़े शहरों में पारा 32 से 35 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की उम्मीद है।
सबसे गर्म जिला
पिछले 24 घंटों में बांदा प्रदेश का सबसे गर्म इलाका रहा, जहाँ तापमान 34.8°C रिकॉर्ड किया गया। वहीं, अयोध्या में सबसे कम (12.5°C) तापमान दर्ज हुआ।
9 मार्च से नया मोड़, पश्चिमी विक्षोभ की दस्तक
बीएचयू (BHU) के मौसम वैज्ञानिक प्रोफेसर मनोज कुमार श्रीवास्तव के अनुसार, 9 मार्च को एक नया पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) हिमालयी क्षेत्र को प्रभावित करेगा। इसका असर मैदानी इलाकों के तापमान और हवा की दिशा पर भी देखने को मिल सकता है।

