UPSRTC करेगा 2584 महिला परिचालकों की भर्ती, बिना परीक्षा मिलेगी नौकरी! जानें भर्ती की प्रक्रिया

punjabkesari.in Monday, Mar 23, 2026 - 01:18 PM (IST)

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में बेरोजगार महिलाओं के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है। दरअसल, UPSRTC उत्तर प्रदेश परिवहन निगम ने संविदा के आधार पर 2584 महिला परिचालकों (कंडक्टर) की भर्ती का ऐलान किया है। खास बात यह है कि चयनित अभ्यर्थियों को उनके गृह जनपद के डिपो में ही तैनाती देने की योजना बनाई गई है।

भर्ती प्रक्रिया और योग्यता
इस भर्ती में शामिल होने के लिए न्यूनतम शैक्षिक योग्यता इंटरमीडिएट (12वीं पास) निर्धारित की गई है। साथ ही अभ्यर्थियों के पास सीसीसी (CCC) कंप्यूटर प्रमाणपत्र होना अनिवार्य है। चयन प्रक्रिया को सरल रखते हुए किसी लिखित परीक्षा के बजाय इंटरमीडिएट के अंकों के आधार पर मेरिट लिस्ट तैयार की जाएगी।

विशेष प्रमाणपत्र पर मिलेगा लाभ
जिन अभ्यर्थियों के पास एनसीसी ‘बी’ सर्टिफिकेट, एनएसएस प्रमाणपत्र या भारत स्काउट एवं गाइड से जुड़ा राज्य या राष्ट्रपति पुरस्कार प्रमाणपत्र है, उन्हें मेरिट में 5 प्रतिशत अतिरिक्त वेटेज दिया जाएगा। इसके अलावा अभ्यर्थियों का उत्तर प्रदेश राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन या उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन से जुड़ा होना भी जरूरी है।

रोजगार मेलों के जरिए होगा आवेदन
भर्ती प्रक्रिया को आसान बनाने के लिए प्रदेश के विभिन्न शहरों में रोजगार मेले आयोजित किए जाएंगे।

  • 25 मार्च: सहारनपुर, झांसी, कानपुर, चित्रकूट धाम-बांदा, प्रयागराज

  • 28 मार्च: गाजियाबाद, अलीगढ़, बरेली, अयोध्या, वाराणसी

  • 30 मार्च: मेरठ, इटावा, हरदोई, देवीपाटन, आजमगढ़

  • 1 अप्रैल: नोएडा, आगरा, मुरादाबाद, लखनऊ, गोरखपुर

इन मेलों में पहुंचकर इच्छुक महिला अभ्यर्थी सीधे आवेदन कर सकती हैं।

ऐसे करें आवेदन
आवेदन करने के लिए अभ्यर्थियों को अपने नजदीकी क्षेत्रीय प्रबंधक कार्यालय से संपर्क करना होगा, जहां उन्हें पूरी प्रक्रिया और जरूरी दस्तावेजों की जानकारी दी जाएगी।इस भर्ती से हजारों महिलाओं को रोजगार मिलने की संभावना है। साथ ही गृह जनपद में तैनाती मिलने से महिलाओं को सुरक्षित और सुविधाजनक कार्य वातावरण मिलेगा, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत होगी।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Ramkesh

Related News

static