भाजपा का संकल्प उप्र को सर्वोत्म प्रदेश बनाना: राजनाथ सिंह

punjabkesari.in Monday, Feb 27, 2017 - 03:28 PM (IST)

वाराणसी: केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि उत्तर प्रदेश के विकास के बिना देश को शिखर पर ले जाना सम्भव नहीं है। इसीलिए भाजपा का यह संकल्प है कि उत्तर प्रदेश को सिर्फ उत्तम प्रदेश नहीं बल्कि सर्वोत्म प्रदेश बनाना है।

भाजपा ही बनाएगी प्रदेश को सर्वोत्तम 
राजनाथ सिंह ने कहा कि उत्तर प्रदेश भारत का सबसे बडा राज्य है और हमेशा से देश की दशा एवं दिशा तय करता रहा है। कहा कि भारतीय जनता पार्टी का संकल्प पत्र मात्र घोषणाआें का पिटारा नहीं बल्कि हमारा संकल्प है जिसे हमे पूरा भी करना है। केन्द्र में भाजपा सरकार भारत की राजनीति में एक विश्वसनीय पार्टी के रूप मे उभर कर आई है।
केंद्र सरकार की उपलब्धियां गिनवाते हुए सिंह ने कहा कि अटल बिहारी द्वारा चलाए गए अभियान के कारण ही आज 6200 करोड़ रूपए की लागत से 8 अत्याधुनिक राजमार्गो का निर्माण हो सका है।गृह मंत्री ने कहा कि भाजपा सरकार ने प्रदेश के 11 हजार से अधिक स्कूलों में शौचालय बनवाने के साथ ही प्रधानमंत्री उज्जवला योजना के तहत लाखों परिवारों को गैस कनैक्शन उपलब्ध करवाएं हैं।

प्रदेश में सपा का कोई विकास कार्य नहीं दिखता
राजनाथ सिंह ने कहा कि अखिलेश सरकार जिस लखनउ मेट्रो को अपना विकास कार्य बता रही है, उसमेंं 80 प्रतिशत योगदान केन्द्र सरकार का है। मुख्यमंत्री अखिलेश यादव को घेरते हुए उन्होंने कहा कि काम बोलता नहीं, बल्कि काम धरातल पर दिखना चाहिए। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश की जनता आज सपा-कांग्रेस गठबंधन को नकार कर परिर्वतन के लिए भाजपा के साथ खड़ी है और हम सिर्फ सरकार बनाने के लिए नही बल्कि उत्तर प्रदेश के पुनर्निर्माण के लिए चुनाव लड रहे हैं।