वाराणसीः CAA का विरोध कर रहे सपा के 15 कार्यकर्ता हिरासत में

punjabkesari.in Sunday, Jan 19, 2020 - 01:21 PM (IST)

वाराणसीः उत्तर प्रदेश के वाराणसी में शनिवार नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) का विरोध कर रहे समाजवादी पार्टी (सपा) के करीब 15 कार्यकर्ताओं को पुलिस ने हिरासत में लिया है। पुलिस सूत्रों ने यहां बताया कि सपा कार्यकर्ता लंका क्षेत्र में काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) के मुख्यद्वार से तेलिया बाग इलाके में संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय के खेल मैदान में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) द्वारा आयोजित सीएए समर्थक जनसभा तक विरोध प्रदर्शन करते हुए जाना चाहते थे।

कार्यकर्ताओं के हाथों में सीएए, एनपीआर और एनआरसी वापस लेने की मांग संबंधी नारे लिखे हुए पोस्टर थे और लगातार नारे लगा रहे थे। लंका चौराहे से निकलते ही पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया।

गौरतलब है कि संपूर्णानंद संस्कृति विश्ववद्यालय खेल मैदान में भाजपा की ओर से सीएए के समर्थन में सभा आयोजित की गई थी, जिसमें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के अलावा उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, केंद्रीय कपड़ा मंत्री स्मृति ईरानी, केंद्रीय कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्री डॉ महेंद्र नाथ पांडेय, पूर्व रेल राज्यमंत्री मनोज सिन्हा, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं प्रदेश सरकार के पूर्व मंत्री स्वतंत्र देव सिंह समेत अनेक नेता आये हुए थे।




 

Tamanna Bhardwaj