वाराणसी: प्रसिद्ध बिरहा गायक हीरालाल यादव के घर पहुंचे CM योगी, दी श्रद्धांजलि

punjabkesari.in Tuesday, May 14, 2019 - 04:41 PM (IST)

वाराणसी: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को ‘बिहरा सम्राट’ पद्मश्री हीरा लाल यादव के घर जाकर उन्हें श्रद्धांजलि दी तथा उनके परिजनों के प्रति अपनी संवेदनाएं प्रकट कीं। योगी ने चौका घाट इलाके में हुलुकगंज स्थित पद्मश्री लाल यादव के आवास पर उनकी तस्वीर पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया तथा उनकी आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की।

उन्होंने दिवंगत लोक गायक के बेटे रामजी यादव एवं सत्यनाराण यादव समेत परिवार के अन्य सदस्यों के साथ कुछ समय बैठकर अपनी संवेदनाएं प्रकट कीं। मुख्यमंत्री ने शोकाकुल परिवार को हर संभव मदद का आश्वासन दिया है। मुख्यमंत्री के साथ उनके सहयोगी मंत्री आशुतोष टंडन, विधि एवं न्याय राज्यमंत्री डॉ. नीलकंठ तिवारी समेत भारतीय जनता पार्टी के कई स्थानीय कार्यकर्ताओं ने भी दिवंगत बिरहा सम्राट को अपनी ओर से श्रद्धासुमन अर्पित किए।

पद्मश्री लाल यादव का बीते रविवार 12 मई को निधन हो गया था। वह 83 वर्ष के थे। उनका जन्म 7 मार्च 1936 में वाराणसी के हरहुआ क्षेत्र में एक गरीब परिवार में हुआ था। उनके परिवार में पत्नी श्यामा देवी, बेटे रामजी यादव, सत्यनाराण यादव समेत भरापूरा परिवार है। उनके परिजनों ने बताया कि बिराहा सम्राट पीछले कई महीने से बीमार थे। कुछ दिन पहले हालत नाजुक होने पर उन्हें यहां के एक निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया था, जहां उन्होंने अंतिम सांस ली।

Anil Kapoor