वाराणसीः JHV मॉल में फायरिंग करने वाला मुख्य आरोपी बिहार से गिरफ्तार

punjabkesari.in Monday, Nov 05, 2018 - 01:23 PM (IST)

वाराणसीः वाराणसी के जेएचवी मॉल में बीते दिनों सरेआम हुई फायरिंग के मुख्य आरोपी आलोक को पुलिस और क्राइम बांच ने संयुक्त कार्रवाई में गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आलोक को बिहार से गिरफ्तार किया है। आलोक को पुलिस टीम फरक्का एक्सप्रेस में लेकर वाराणसी पहुंच गई है। बता दें कि पुलिस ने आलोक पर इनाम भी घोषित किया हुआ था।

इससे पहले आलोक के साथी रोहित को पुलिस ने गिरफ्तार किया था। जिसने पुलिस के सामने आलोक के कई राज उगले थे। रोहित ने बताया था कि वह और आलोक  ब्रांडेड कपड़े और जूते के शौकीन हैं। जिसके कारण अक्सर वह मॉल में शॉपिंग करने आया करते थे। इसी दौरान आलोक को मॉल में काम करने वाली सेल्स गर्ल के साथ प्यार हो गया। जिसके चलते उसे अच्छा डिस्काउंट भी मिलने लगा। सबकुछ ठीक-ठाक चल रहा था इसी बीच एक दिन सेल्‍स मैनेजर प्रशांत अग्रहरि से आलोक की प्रेमिका का किसी बात पर विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ा कि प्रेमिका को नौकरी तक छोड़नी पड़ी।

इसी बात का बदला लेने के लिए आलोक ने अपने साथियों के साथ प्रशांत पर धावा बोला, लेकिन प्रशांत तो बच गया पर मॉल में काम करने वाले 2 कर्मचारियों की फायरिंग में मौत हो गई। बताया जा रहा है कि आलोक पर पहले भी 4 मुकदमें दर्ज हैं। पुलिस के मुताबिक उक्त मामले में 2 और लोगों के शामिल होने की बात सामने आई है। 

Ruby