जनता को पुलिस ही सबसे ज्यादा परेशान करती है : वरुण

punjabkesari.in Tuesday, Dec 08, 2015 - 07:08 PM (IST)

मऊ(विवेक त्रिपाठी): भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता तथा सुलतानपुर से सांसद वरूण गांधी ने आज कहा कि राजनीति में बड़े लोगों के बच्चों को मौका दिया जाता है जबकि वह गरीब के घर जन्मे बच्चे की हिस्सेदारी चाहते हैं। गांधी ने यहां अपने स्वागत समारोह में कहा कि राजनीति में हमेशा बड़े लोगों के बच्चे को ही आगे बढ़ाया जाता है तथा उन्हें मौके दिये जाते हैं जबकि प्रतिभा वाले गरीब के बच्चे पीछे छूट जाते हैं।  उन्होंने कहा की अब नये किस्म की राजनीति की जरूरत है जिससे समाज के अंतिम व्यक्ति की रक्षा हो और उसका अधिकार हमारे ऊपर रहे। देश का गरीब से गरीब आदमी देश का झण्डा झुकने नहीं देता वह देश के लिए प्राण देने को तैयार है। इस देश के सम्मान को आम जनता ने ही बचाया है। फिर भी आम जनता परेशान है। अब राजनीति को नये तरीके से करने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में 80 प्रतिशत मुकदमें राजनीति से प्रेरित होते हैं। व्यवस्था के खिलाफ सच्चाई के पक्ष में उठायी गयी आवाज को दबाकर झूठे केस दर्ज किये जाते हैं। 
 
सबसे ज्यादा परेशान करती है पुलिस
वरुण गांधी ने उत्तर प्रदेश पुलिस की कार्यप्रणाली पर तल्ख टिप्पणी करते हुए आज कहा कि जनता को पुलिस ही सबसे ज्यादा परेशान करती है। वरुण ने मऊ में आयोजित एक जनसभा में प्रदेश की पुलिस पर जनता के बजाय अपने राजनीतिक आकाआें के लिये काम करने का आरोप लगाते हुए कहा ‘‘अगर जनता को कोई परेशान करता है तो वह पुलिस ही करती है। पुलिस जो मुकदमे दर्ज करती है उनमें से 80 प्रतिशत फर्जी और राजनीति से पे्रेरित होते हैं।’’ सुलतानपुर से भाजपा के सांसद ने कहा कि राजनीति में वंशवाद तथा चापलूसी के चलन पर कटाक्ष करते हुए कहा कि सियासत का मतलब सिर्फ हार-जीत ही नहीं होता बल्कि कतार में खड़े आखिरी व्यक्ति तक की सेवा करना भी होता है। उन्होंने कहा कि वह राजनीति को एक नयी दिशा और दशा देने के लिये आये हैं। वरुण मऊ से भाजपा के सांसद हरिनारायण राजभर के बलिया जिले में स्थित पैतृक गांव टगुनिया में आयोजित अपने स्वागत कार्यक्रम में पहुंचे लेकिन बहुत कम संख्या में लोगों के एकत्र होने पर वह नाराज हो गये और जनसमूह तथा मीडिया को संबोधित किये बगैर लौट गये।