दरिंदगी के शिकार छात्र ने अस्पताल में तोड़ा दम, परिजनों ने किया जमकर बवाल

punjabkesari.in Monday, Oct 09, 2017 - 09:51 AM (IST)

इलाहाबादः यूपी में आए दिन महिलाओं के साथ रेप और गैंगरेप की वारदातों ने जहां लोगों को दहशत में डाल रखा है, वहीं इलाहाबाद में एक मासूम ने आज इसी दरिंदगी के चलते अपनी जान से हाथ धो दिया है। आपको हैरानी होगी ये जानकर कि यूपी में हवस के पुजारियों का आतंक अब इतना बढ़ गया है कि वो अब लड़कों को भी अपनी शिकार बनाने से नहीं चूक रहे।

डॉक्टरों पर लगा लापरवाही का आरोप
बता दें कि जिले में पांचवीं क्लास में पढ़ने वाले ग्यारह साल बच्चे के साथ दरिंदगी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। इलाज के दौरान छात्र की मौत हो गई जिसके बाद जमकर हंगाना हुआ। परिजनों ने पुलिस और डॉक्टरों पर लापरवाही का आरोप लगाया है। आरोप है कि 2 अज्ञात लोगों ने कुछ दिन पहले दशहरे का मेला देखकर घर लौट रहे इस बच्चे को अगवा कर उसके साथ कुकर्म किया। इससे उसकी तबीयत काफी बिगड़ गई और इलाज के लिए उसे सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया। 2 अस्पताल से रेफर होने के बाद मेडिकल कॉलेज में आज उसकी मौत हो गई।

हाईवे पर लगाया जाम
वहीं वारदात से नाराज़ लोगों ने इलाहाबाद-वाराणसी नेशनल हाइवे को कुछ देर जामकर हंगामा भी किया। परिजनों का आरोप है कि स्थानीय पुलिस और सरकारी अस्पतालों के डॉक्टरों ने भी मदद करने के बजाय उन्हें परेशान किया, जिसके चलते सही वक्त पर बच्चे का इलाज शुरू नहीं हो सका और उसकी मौत हो गई। परिवार वालों की शिकायत पर पुलिस ने इस मामले में अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर तफ्तीश शुरू कर दी है। फिलहाल अभी न तो आरोपियों की गिरफ्तारी हो सकी है और न ही उनकी पहचान।

क्या था मामला?
उल्लेखनीय है कि कुछ दिन पूर्व मृतक जब परिवार वालों के साथ दशहरे का मेला देखकर पैदल ही घर वापस आ रहा था तो थोड़ा बिछड़ जाने की वजह से रास्ते में 2 अज्ञात लोगों ने मुंह दबाकर उसे अगवा कर लिया। दोनों युवक उसे पड़ोस के बाग़ में ले गए और वहां उसके साथ दरिंदगी की। अप्राकृतिक दुष्कर्म के चलते उसकी तबीयत बिगड़ने लगी तो आरोपी उसे छोड़कर भाग निकले।

पुलिस का आश्वासन आरोपी होंगे जल्द गिरफ्तार
वहीं आज मासूम की मौत के बाद परिजनों का आरोप है कि ऑपरेशन के लिए यहां के डॉक्टरों ने भी  हमसे 10 हजार रूपए मांगे। किसी तरह देर रात उसका ऑपरेशन किया गया, लेकिन आज सुबह इलाज के दौरान उसने अस्पताल में दम तोड़ दिया। घटना से नाराज़ इलाके के लोगों ने कुछ देर हाइवे जामकर हंगामा भी किया। पुलिस का दावा है कि वह जल्द ही आरोपियों को पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करेगी।