विधान सभा में गेम खेलते और गुटखा खाते वीडियो वायरल, अखिलेश बोले- भाजपा विधायक खेल रहे ताश, प्रदेश का हो रहा नाश

punjabkesari.in Saturday, Sep 24, 2022 - 05:22 PM (IST)

लखनऊ: उत्तर प्रदेश की विधान सभा में नेता प्रतिपक्ष और समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने शनिवार को सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के एक विधायक का वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किया है, जिसमें लिका कि भाजपा विधायक खेल रहे ताश, प्रदेश का हो रहा नाश। वीडियो में वह मोबाइल फोन पर ताश खेलते नजर आ रहे हैं। इसके कुछ समय बाद सपा ने भाजपा के ही एक अन्य विधायक का विडियो सोशल मीडिया में वायरल किया, जिसमें वह गुटखा खाते दिख रहे हैं। 

 

अखिलेश का दावा है कि ये वीडियो सदन में मौजूद भाजपा के ही किसी विधायक ने बनाकर वायरल किया है। हालांकि अभी यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि यह वीडियो कब का है। अखिलेश ने ट्वीट कर कहा, ‘‘भाजपाई विधायक उप्र विधानसभा के सत्र में खेल रहे हैं ताश और कर रहे हैं प्रदेश का नाश। भाजपा के उन विधायक जी को धन्यवाद जिन्होंने पीछे से ये वीडियो बनाकर व वायरल कर जनहित का काम किया। अब देखना ये है कि मुख्यमंत्री जी इन मा. विधायक जी पर ‘नैतिक बुलडोज़र' कब चलाएँगे? भार बन गयी भाजपा।''        

 

गौरतलब है कि इस सप्ताह सोमवार को शुरु हुआ विधानसभा का मानसून सत्र शुक्रवार को ही समाप्त हुआ है। अखिलेश द्वारा मोबाइल गेम खेलते विधायक का वीडियो सार्वजनिक किये जाने के बाद सपा के ट्विटर हेंडिल से भाजपा के दूसरे विधायक के दो वीडियो साझा किये, जिसमें वह तंबाकू और पान मसाला खाते दिख रहे हैं। सपा ने ट्वीट कर दावा किया कि इन तीनों वीडियो में दिख रहे दोनों विधायक भाजपा के हैं।        सपा ने इसे निंदनीय और शर्मनाक घटना बताते हुए ट्वीट किया, ‘‘सदन की गरिमा को तार-तार कर रहे भाजपा विधायक। महोबा से भाजपा विधायक सदन में मोबाइल गेम खेल रहे, झांसी से भाजपा विधायक तंबाकू खा रहे। इन लोगों के पास जनता के मुद्दों के जवाब हैं नहीं और सदन को मनोरंजन का अड्डा बना रहे। बेहद निंदनीय एवं शर्मनाक।''        

सत्ता पक्ष का कोई जावाब नहीं
सपा के इस ‘वीडियो वॉर' पर सत्तापक्ष की ओर से फिलहाल कोई प्रतिक्रिया व्यक्त नहीं की गयी है। इतना ही नहीं, विधान सभा अध्यक्ष सतीश महाना और उनके कार्यालय की ओर से भी इस मामले में कोई टिप्पणी नहीं की गयी। सपा के दावे के मुताबिक वीडियो में दिख रहे दोनों विधायकों ने भी इस बारे में कोई प्रतिक्रिया व्यक्त करने से मना कर दिया।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Imran

Recommended News

Related News

static