एनकाउंटर में मारे गए अमर दुबे की 29 जून को हुई थी शादी, दादी बोली- विकास ने बर्बाद कर दिया
punjabkesari.in Wednesday, Jul 08, 2020 - 11:36 AM (IST)
हमीरपुरः हमीरपुर एनकाउंटर में ढेर हुए विकास दुबे गैंग के शूटर अमर दुबे पर दर्ज थे 13 मुकदमे चौबेपुर के विकरू गांव में आठ पुलिसकर्मियों की हत्या में फरार चल रहे दुर्दांत विकास दुबे गैंग का शूटर अमर दुबे को यूपी एसटीएफ ने हमीरपुर के मौदहा में एनकाउंटर के दौरान मार गिराया। विकास दुबे का राइट हैंड कहे जाने वाले अमर दुबे पर कानपुर के चौबेपुर थाने और कानपुर देहात में कुल 13 मुक़दमे दर्ज थे। इसके अलावा वह आठ पुलिसकर्मियों की शहादत के मामले में भी वांछित था।
बताया जा रहा है कि अमर दुबे की अभी कुछ दिनों पहले ही शादी हुई थी। अमर दुबे की शादी 29 जून 2020 को हुई थी। बुधवार तड़के मुठभेड़ में मारे जाने की सूचना पर परिवार में सन्नाटा पसरा है। नई नवेली दुल्हन के हाथों की मेहंदी भी नहीं उतरी और मांग का सिंदूर मिट गया। उधर, दादी का रो-रो कर बुरा हाल है।
अमर दुबे की दादी सर्वेश्वरी दुबे ने कहा कि विकास दुबे ने उनके परिवार को बर्बाद कर दिया। दादी ने कहा कि अमर दुबे और अतुल दुबे उससे अलग रहते थे। अभी 29 जून को ही शादी हुई थी। उन्होंने कहा कि वैसे तो अमर दुबे और उसका भाई अतुल दुबे उन्हें कुछ बताते नहीं थे, लेकिन घर के लाल की मौत पर दुख तो हैं ही।
चौबेपुर थाने और कानपुर देहात जिले में अमर दुबे के खिलाफ संगीन धाराओं में 13 मुकदमे दर्ज हैं। इनमें आठ मामले में उस पर हत्या, हत्या का प्रयास, लूट, रंगदारी, डकैती और धमकी देने जैसी गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज है। वह विकास दुबे के साथ हर जुर्म में शामिल रहता था। 2 जुलाई की रात विकास दुबे के घर दबिश देने पहुंची टीम पर अमर दुबे ने भी गोलियां बरसाई थीं। इसके बाद वह भी विकास दुबे के साथ ही फरार हुआ था। वह विकास दुबे के साथ फरीदाबाद पहुंचा, लेकिन जब इसकी भनक फरीदाबाद पुलिस और यूपी एसटीएफ को लगी तो दोनों अलग-अलग फरार हो गए।
वह फरीदाबाद से हमीरपुर के रास्ते मध्य प्रदेश भागना चाहता था, लेकिन एसटीएफ पर सख्ती की वजह से वह मौदहा में अपने रिश्तेदार के घर छिपने जा रहा था। इस बीच उसे एसटीएफ ने घेर लिया और सरेंडर करने को कहा, लेकिन उसने फायरिंग कर दी। जवाबी फायरिंग में वह मारा गया।