कानपुर में विकास दुबे का शूटर राम सिंह यादव गिरफ्तार

punjabkesari.in Monday, Aug 03, 2020 - 12:26 PM (IST)

लखनऊः उत्तर प्रदेश मे कानपुर के चौबेपुर क्षेत्र में दो तीन जुलाई की रात 8 पुलिसकर्मियों की हत्या के आरोपी विकास दुबे के शूटर राम सिंह यादव को पुलिस ने रविवार को गिरफ्तार कर लिया। स्पेशल टास्क फोर्स के पुलिस महानिरीक्षक अमिताभ यश ने बताया कि बिकरू कांड का एक और आरोपी आज कानपुर देहात के अकबरपुर क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया है। राम सिंह यादव मुठभेड़ में मारे गये हिस्ट्रीशीटर विकास दुबे का खास गुर्गा था और दो तीन जुलाई को पुलिस टीम पर हुये हमले का एक आरोपी है। उस पर 50 हजार रूपए का इनाम घोषित था।

उन्होंने बताया कि गिरफ्तार बदमाश के खिलाफ अलग अलग थाना क्षेत्रों में छह से अधिक मामले दर्ज है। चौबेपुर के मदारी पुरवा का निवासी यादव अकबरपुर में किराये के मकान में छिपा हुआ था। एक सूचना के आधार पर एसटीएफ ने आज उसे धर दबोचा। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है।

गौरतलब है कि बिकरू गांव में दो तीन जुलाई की रात दबिश देने गयी पुलिस टीम पर विकास दुबे और उसके गुर्गो ने घात लगाकर हमला किया था और एक पुलिस क्षेत्राधिकारी समेत आठ पुलिसकर्मियों की हत्या कर दी थी जबकि सात को घायल कर दिया था। पुलिस ने इस मामले के मुख्य आरोपी विकास दुबे समेत छह बदमाशों को पुलिस मुठभेड़ में मार गिराया है जबकि नौ की तलाश की जा रही है।

Tamanna Bhardwaj