फिरोजाबाद में वायरल का प्रकोप, एक ही गांव के 70 लोग बीमार...अब तक 7 में डेंगू की पुष्टि

punjabkesari.in Friday, Nov 11, 2022 - 10:47 PM (IST)

फिरोजाबाद: उत्तर प्रदेश में फिरोजाबाद जिले के नारखी क्षेत्र के गांव गढ़ी आवरण में वायरल के प्रकोप से ग्रामीण काफी प्रभावित हैं। अधिकांश घरों में बुखार का प्रकोप फैल गया है। अधिकृत सूत्रों ने शुक्रवार को बताया कि पिछले दो दिनो में गांव के 70 मरीज मेडिकल कॉलेज के डेंगू वार्ड में भर्ती कराए जा चुके हैं। बुखार के बढ़ते प्रकोप से ग्रामीण परेशान हैं।      

मरीजों के उपचार के लिए अतिरिक्त स्टाफ की व्यवस्था
मुख्य चिकित्सा अधीक्षक श्याम मोहन गुप्ता ने एक ही गांव के 70 मरीज भर्ती होने की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि इन सभी मरीजों की गंभीरता से जांच कराई जा रही है शुक्रवार को मिली जांच रिपोर्ट में दो चिकनगुनिया और एक डेंगू से प्रभावित मरीज निकला है। अन्य मरीजों की जांच आने पर बुखार की पुष्टि होगी। उन्होंने बताया कि अभी तक कुल सात डेंगू के मरीज प्रभावित निकले हैं। सभी का उपचार किया जा रहा है। अन्य मरीजों के उपचार के लिए अतिरिक्त स्टाफ की व्यवस्था कर दी गई है।

स्वास्थ्य विभाग के लिए एक बड़ी चुनौती से कम नहीं
गौरतलब है कि हाल ही में इस डेंगू वार्ड में वायरल बुखार के 100 मरीज के करीब भर्ती थी, जिनकी रिपोर्ट नेगेटिव आई थी। इसी के साथ उनकी छुट्टी करके उन्हें घर भेज दिया गया है, लेकिन बड़ी बात यह है कि एक ही गांव के 70 लोग अभी भी भर्ती हैं। यह स्वास्थ्य विभाग के लिए एक बड़ी चुनौती से कम नहीं है।

Content Writer

Mamta Yadav