BJP के हो-हल्ला से गरीब की आवाज दबाई नहीं जा सकती: अखिलेश

punjabkesari.in Monday, Aug 13, 2018 - 12:01 PM (IST)

लखनऊ: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि जैसे-जैसे लोकसभा चुनाव की तिथियां नजदीक आ रही हैं, वैसे-वैसे भाजपा नेतृत्व की घबराहट बढ़ती जा रही है। भाजपा के हो-हल्ला से गरीब की आवाज दबाई नहीं जा सकती है। उत्तर प्रदेश के उपचुनावों कैराना, गोरखपुर, नूरपुर, फूलपुर में भाजपा को जैसी करारी मात मिली है, उससे उनके होश उड़े हुए हैं।

भाजपा को लगता है कि जो गठबंधन आकार ले रहा है वह भाजपा की दिल्ली दौड़ में बड़ा अवरोधक साबित होगा और फिर से सिंहासन पर बैठने के उसके इरादों में कामयाबी नहीं मिलेगी। भाजपा उत्तर प्रदेश को लेकर चाहे जो दावा करती रहे पर जनता ने उत्तर प्रदेश से भाजपा का सफाया करने का लक्ष्य तय कर लिया है।

भाजपा ने केन्द्र में 4 वर्ष बिता दिए और उत्तर प्रदेश में 16 महीने लेकिन इस अवधि में उन्होंने जनहित में कोई ऐसा काम नहीं किया जिसका उल्लेख किया जा सके। किसान तबाह है, उसका न तो कर्ज माफ हुआ और न ही उसको एमएसपी समर्थन मूल्य का लाभ मिलेगा।

मेरठ में भाजपा की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में सिर्फ विपक्ष को कोसने और सामाजिक नफरत की राजनीति को धार देने की ही कोशिश की गई। गरीबों, पीड़ितों, वंचितों तथा समाज के कमजोर वर्गों के लिए उसमें कोई संदेश नहीं। दरअसल भाजपा का गरीबों, किसानों और कमजोर वर्ग के लोगों के साथ कभी कोई रिश्ता नहीं रहा है।

Anil Kapoor