प्रचार के आखिरी दिन महिमा चौधरी सहित इन स्टार्स ने मांगे उम्मीदवारों के लिए वोट

punjabkesari.in Friday, Feb 17, 2017 - 04:32 PM (IST)

कानपुर:उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के तीसरे चरण के प्रचार का आज आखिरी दिन होने के चलते राजनीतिक दलों ने फिल्मी सितारों के ग्लैमर का सहारा लिया और शहर में जगह जगह उनके रोड शो कराकर वोटरों को लुभाने की कोशिश। वहीं कुछ प्रत्याशियों ने घर घर जाकर मतदाताआें से संपर्क किया और अपने लिए वोट मांगे। कानपुर में तीसरे चरण के तहत होने वाले विधानसभा चुनाव में प्रचार का आज आखिरी दिन है। आज शाम के बाद प्रचार थम जाएगा। जिला प्रशासन ने 19 फरवरी को होने वाले चुनाव के लिये कमर कस ली है।
               
आज दोपहर गोविंदनगर के बहुजन समाज पार्टी के प्रत्याशी ने फिल्म ‘मैंने प्यार किया’ की अभिनेत्री भाग्यश्री के साथ रोड शो किया। रोड शो में भाग्यश्री ने गोविंदनगर की जनता से बसपा प्रत्याशी के पक्ष में मतदान करने की अपील की। यह रोड शो मखनपुर से प्रारंभ होकर रतनलाल नगर तक गया।
               
वहीं आर्यनगर से समाजवादी प्रत्याशी के समर्थन में फिल्म स्टार महिमा चौधरी ने रोड शो में भाग लिया। यह रोड शो निशात टॉकीज से शुरू होकर तिलक हॉल पर खत्म हुआ। महिमा चौधरी ने समाजवादी के प्रत्याशी को जिताने की अपील की। इन दोनों रोड शो की वजह से शहर में जगह जगह यातायात जाम की स्थिति नजर आई।
               
भारतीय जनता पार्टी से सांसद और भोजपुरी फिल्म स्टार मनोज तिवारी ने गोविंदनगर और कल्याणपुर में भाजपा प्रत्याशियों के लिए वोट मांगे।

शाम 5 बजे बंद हो जाएगा चुनाव प्रचार
वहीं दूसरी आेर अन्य पार्टी के प्रत्याशियों ने प्रचार के आखिरी दिन अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। शाम 5 बजे चुनाव प्रचार बंद हो जाएगा। उसके बाद प्रत्याशी बिना किसी शोर शराबे के घर घर जाकर वोट मांगेगे। जिला प्रशासन ने आज शाम से शहर में शराब की दुकानें बंद करने का आदेश दिया है तथा शहर में जगह जगह भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया है। प्रशासन ने चुनाव प्रचार के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं।