मैनपुरी लोकसभा और रामपुर व खतौली विधानसभा उपचुनाव के लिए मतदान जारी, भाजपा-सपा का होगा लिटमस टेस्ट

punjabkesari.in Monday, Dec 05, 2022 - 09:34 AM (IST)

मैनपुरीः उत्तर प्रदेश के मैनपुरी लोकसभा और रामपुर व खतौली विधानसभा उपचुनाव के लिए आज यानी 5 दिसंबर को मतदान हो रहा है। यहां आज सुबह 7 बजे से मतदान जारी है। बता दें कि इस बार भाजपा और सपा के बीच सीधा-सीधा मुकाबला है और इस चुनाव में सपा और भाजपा की तैयारी का लिटमस टेस्ट साबित हो सकता है। वहीं, भाजपा ने यह दावा किया है कि सपा को हरा कर यह चुनाव जीता जाएगा और सपा ने भाजपा को हरा कर चुनाव पर जीत हासिल करने का दावा किया है। अब चुनाव का नतीजा आने के बाद ही पता चलेगा कि किस का दावा सही साबित हुआ है। वहीं, इस चुनाव में अखिलेश-शिवपाल की एकता का भी इम्तिहान होने जा रहा है।

बता दें कि आज यूपी में मैनपुरी लोकसभा और रामपुर व खतौली विधानसभा उपचुनाव के लिए मतदान हो रहे है और इस चुनाव पर आज पूरे देश ने निगाह रखी हुई है। दरअसल, यहां पर मुलायम सिंह यादव के निधन के बाद उपचुनाव हो रहा है। सपा ने पूर्व सांसद डिंपल यादव को मैदान में उतारकर सैफई परिवार की साख दांव पर लगा दी है तो भाजपा ने मुलायम के शागिर्द रहे पूर्व सांसद रघुराज शाक्य पर दांव लगाकर चुनाव में मात देने की पूरी तैयारी कर रखी है। सपा और भाजपा इस चुनाव में पूरी तरह एक्टिव है। इस मुकाबले की गर्मी का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि, सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव नामांकन के बाद से मैनपुरी में डेरा डाले हैं।



सपा ने किया जीत का दावा
मैनपुरी सपा का गढ़ माना जाता है। यहां पर नेताजी मुलायम सिंह यादव के निधन के बाद उपचुनाव हो रहा है। जिस पर फिर से कब्जा करने के लिए सपा ने पूरी तैयारी की है। आज इस सीट पर चुनाव हो रहे है। जिसमें जीत हासिल करने का सपा ने दावा किया है। सपा नेताओं का कहना है कि, इस बात में कोई आशंका नहीं है कि इस बार डिंपल यादव की ही ऐतिहासिक जीत होगी।

भाजपा के लिए मैनपुरी का महत्व
सपा का गढ़ माने जाने वाले ज्यादातर लोकसभा क्षेत्र पर भाजपा ने परचम लहरा दिया है। इनमें कन्नौज, फिरोजाबाद, फर्रुखाबाद, इटावा, आजमगढ़ और रामपुर शामिल हैं। मैनपुरी सैफई परिवार की घर की सीट मानी जाती है। यहां 1989 से अब तक हुए 11 लोकसभा चुनाव में मुलायम सिंह या उनके परिवार के सदस्य को ही जीत मिली। लेकिन इस बार भाजपा ने वहां पर डेरा डाला है और भाजपा का दावा है कि इस बार सपा को हरा कर यह चुनाव जीता जाएगा। 

Content Editor

Pooja Gill