UP विधानसभा की 11 सीटों पर मतदान खत्म, EVM में कैद हुई 109 प्रत्याशियों की किस्मत

punjabkesari.in Monday, Oct 21, 2019 - 06:17 PM (IST)

लखनऊः उत्तर प्रदेश की 11 विधानसभा सीटों पर मतदान शाम 6 बजे समाप्त हो गया है। उपचुनाव में 47.05 फीसदी मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इसके साथ ही 109 प्रत्याशियों की किस्मत EVM में कैद हो गई है। मतगणना 24 अक्टूबर को होगी और उसी दिन चुनाव परिणाम घोषित कर दिए जाएंगे। जिन विधानसभा सीटों पर उपचुनाव हुआ उनमें गंगोह, रामपुर, इगलास, लखनऊ कैंट, गोविंदनगर, मानिकपुर, प्रतापगढ़, जैदपुर, जलालपुर, बलहा और घोसी शामिल हैं। 

05 बजे तक का मतदान प्रतिशत:-

क्रमांक जिले का नाम विधानसभा का नाम मतदान प्रतिशत
1 सहारनपुर गंगोह 57.84%
2 रामपुर  रामपुर 39.31%
3 अलीगढ़  इगलास(सुरक्षित) 33.20%
4 लखनऊ  लखनऊ कैंट 27.11%
5 कानपुर  गोविंदनगर 31.10%
6 चित्रकूट  मानिकपुर 50.27%
7 प्रतापगढ़ प्रतापगढ़ सदर  32.5%
8 बाराबंकी जैदपुर(सुरक्षित) 55.66%
9 अंबेडकरनगर  जलालपुर 46.86%
10 बहराइच  बलहा(एससी) 49%
11 मऊ  घोसी 48.50%

बता दें कि, मतदान के लिए कुल 4529 मतदेय स्थल और 2307 मतदान केंद्र बनाए गए थे। मतदान पर सतर्क दृष्टि रखने के लिए आयोग द्वारा 11 सामान्य प्रेक्षक और 11 व्यय प्रेक्षक तैनात किए गए थे। इसके अतिरिक्त 337 सेक्टर मजिस्ट्रेट, 60 जोनल मजिस्ट्रेट, 471 स्टेटिक मजिस्ट्रेट और 520 माइक्रो ऑब्जर्वर भी तैनात किए गए थे। क्रिटिकल बूथों पर दृष्टि रखने के लिए 429 बूथों पर वेबकास्टिंग कराई गई थी।

उपचुनाव में BJP कर रही 'क्लीन स्वीप' का प्रयास
उपचुनाव में बीजेपी जहां 'क्लीन स्वीप' का प्रयास कर रही है वहीं विपक्षी दल भी कोई कोर कसर नहीं छोड़ रहे हैं। कांग्रेस 2022 के विधानसभा चुनाव से पहले वोटरों को मजबूत संकेत देना चाहती है। लोकसभा चुनाव में यूपी की 80 सीटों में से कांग्रेस रायबरेली सीट ही जीत सकी। यहां पार्टी प्रमुख सोनिया गांधी ने जीत दर्ज की थी। बीजेपी ने 62 और उसके सहयोगी दलों ने दो सीटें जीती थी। मौजूदा विधानसभा में बीजेपी के 302 और सपा के 47 विधायक हैं। वहीं बसपा के 18, बीजेपी की सहयोगी अपना दल (सोनेलाल) के 8 और कांग्रेस के 7 विधायक हैं।

हमीरपुर सीट पर BJP प्रत्याशी ने हासिल की थी जीत
हमीरपुर में हाल ही में संपन्न उपचुनाव में बीजेपी प्रत्याशी युवराज सिंह ने जीत दर्ज की थी। उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी सपा के मनोज प्रजापति को 17846 मतों से हराया था। कुछ विधायकों ने लोकसभा चुनाव जीतने के बाद विधानसभा की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया था, जिसके बाद उपचुनाव कराया जा रहा है। घोसी विधानसभा सीट विधायक फागू चौहान को बिहार का राज्यपाल बनाए जाने के बाद रिक्त हो गई थी।

 

Deepika Rajput