मैनपुरी की करहल विधानसभा में फिर से होगी वोटिंग, जिला प्रशासन ने पूरी की तैयारियां

punjabkesari.in Tuesday, Feb 22, 2022 - 05:54 PM (IST)

मैनपुरी: उत्तर प्रदेश की मैनपुरी जिले की करहल विधानसभा सीट के बूथ संख्या 266 पर दोबारा मतदान होगा। दरअल, थाना दन्नाहार के गांव जसवंत पुर के बूथ 266 पर एक युवक द्वारा  खुद ही कई महिलाओं के लगातार वोट डालने का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर वायरल हुआ। इसे लेकर भाजपा प्रत्याशी  केंद्रीय मंत्री एसपी बघेल ने निवार्चन आयोग से शिकायत की थी। बूथ पर हुई गड़बड़ी को प्रशासन ने गंभीरता से लेते हुए मामले में जांच कराई तो तथ्य सही पाए गए। इसके बाद चुनाव आयोग ने बूथ संख्या 266 पर दोबारा मतदान कराने की अनुमति दी है। वहीं मामले में पीठासीन अधिकारी सहित अन्य मतदान कर्मियों के खिलाफ थाना दन्नाहार में चुनाव आयोग ने एफआईआर दर्ज कराई है। 

 

बता दें कि करहल विधानसभा सीट पर अखिलेश यादव और केंद्रीय मंत्री एसपी सिंह बघेल चुनाव मैदान में है। अविनाश कृष्ण सिंह जिला निर्वाचन अधिकारी ने आयोग के निर्देश पर करहल विधानसभा सीट के बूथ 266 जसवंत पुर में बुधवार को सुबह सात बजे से पुनर्मतदान कराया जाएगा। इसके लिए सभी इंतजाम किए गए हैं, सुरक्षा का खास ख्याल रखा जाएगा। किसी को भी माहौल खराब करने की अनुमति नहीं होगी।

Content Writer

Ramkesh