मैनपुरी-रामपुर व खतौली में कल होगी वोटिंग, पोलिंग पार्टियों की रवानगी शुरू...BJP-SP में सीधी टक्कर

punjabkesari.in Sunday, Dec 04, 2022 - 04:26 PM (IST)

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में मैनपुरी लोकसभा सीट, रामपुर व खतौली व‍िधानसभा सीट 5 दिसंबर को यानी कि कल सुबह 7 बजे से मतदान शुरू होगा। 8 द‍िसंबर को चुनाव पर‍िणाम आएंगे। तीनों सीटों पर पोल‍िंग पार्ट‍ियां मतदान केन्‍द्रों के ल‍िए रवाना कर दी गई हैं। मैनपुरी और रामपुर में भाजपा और सपा के बीच सीधी टक्कर है। खतौली में भाजपा की लड़ाई सपा की सहयोगी पार्टी रलोद से है।

मैनपुरी लोकसभा सीट पर उपचुनाव समाजवादी पार्टी के संस्थापक एवं सांसद मुलायम सिंह यादव के निधन के बाद हो रहा है। मैनपुरी लोकसभा सीट पर सपा और भाजपा की टक्‍कर है। इस सीट पर मुलायम सिंह यादव की बहू ड‍िंपल यादव और भाजपा के रघुराज सिंह शाक्य के बीच मुकाबला होगा। वहीं रामपुर में विधानसभा का उपचुनाव हो रहा है। यह सीट आजम खान को भड़काऊ भाषण मामले में सजा के बाद खाली हुई है। वहीं मुजफ्फरनगर दंगों से जुड़े एक मामले में सजा मिलने से खतौली से बीजेपी विधायक विक्रम सिंह की सदस्यता खत्म हुई है। तीनों ही सीटों पर वोटों की गिनती 8 दिसंबर को की जाएगी।

रामपुर में आजम खां की प्रत‍िष्‍ठा दांव पर 
रामपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए मतदान 5 दिसंबर को होगा। इसके लिए पोलिंग पार्टी रवाना कर दी गई हैं। रविवार सुबह मंडी समिति में मतदान कर्मियों को बुलाया गया था। इसके बाद यहां से 454 पोलिंग पार्टी रवाना कर दी गईं। विधानसभा क्षेत्र में 18 मतदान केंद्र अति संवेदनशील हैं। इन पर सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए हैं। अर्धसैनिक बलों की तैनाती की गई है। इसके अलावा छह जोनल मजिस्ट्रेट और 34 सेक्टर मजिस्ट्रेट भी तैनात किए गए हैं, जो मतदान के दौरान अपने अपने क्षेत्र में भ्रमणशील रहेंगे।

खतौली में भाजपा और सपा-रालोद गठबंधन में टक्‍कर
खतौली विधानसभा उपचुनाव में भाजपा और सपा-रालोद गठबंधन के बीच कांटे की टक्कर है। मुजफ्फरनगर दंगे से जुड़े केस में सजा होने के बाद विक्रम सैनी की सदस्यता रद्द हो गई थी। जिसके बाद खतौली सीट पर उपचुनाव हो रहे हैं। बीजेपी ने विक्रम सिंह सैनी की पत्नी राजकुमारी सैनी को मैदान में उतारा है। बीजेपी एक बार फिर खतौली सीट पर जीत का दावा कर रही है। कांग्रेस व बसपा के प्रत्याशी मैदान में न होने से रालोद और बीजेपी में सीधी टक्कर है। बता दें क‍ि खतौली में 3.16 लाख मतदाता हैं।
 

Content Writer

Tamanna Bhardwaj