Nikki Murder Case: निक्की क्या करती थी, क्यों हुआ विवाद, कैसे हुई हत्या? – बहन कंचन ने बयां की पूरी खौफनाक कहानी
punjabkesari.in Monday, Aug 25, 2025 - 08:41 AM (IST)

Noida News: निक्की हत्याकांड में हर दिन नए-नए खुलासे हो रहे हैं। अब निक्की की बहन कंचन और उसकी देवरानी ने सामने आकर कई गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने साफ कहा कि निक्की की हत्या कोई अचानक हुई घटना नहीं थी, बल्कि पहले से पूरी तरह प्लान की गई साजिश थी।
मेकअप आर्टिस्ट थी निक्की, खुद चलाती थी स्टूडियो
कंचन ने बताया कि उसकी बहन निक्की मेकअप आर्टिस्ट थी और वह खुद और परिवार के साथ मिलकर एक स्टूडियो चलाती थीं। कंचन के मुताबिक, 11 फरवरी को निक्की के साथ उसके पति विपिन ने जमकर मारपीट की थी। उस दिन क्लाइंट भी मौजूद थे, जिन्होंने यह सब देखा। बाद में इस घटना को लेकर पंचायत हुई और निक्की मायके चली आई।
8-9 दिनों से चल रहा था झगड़ा, कारण था पति का अफेयर
कंचन का दावा है कि विपिन का किसी दूसरी महिला से अफेयर था, जिसके बारे में निक्की को पता चल गया था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच पिछले कई दिनों से विवाद चल रहा था।
21 अगस्त को की गई हत्या, बहन कंचन ने अपनी आंखों से देखा सब कुछ
कंचन ने एक निजी न्यूज चैनल से बातचीत में बताया कि 21 अगस्त को निक्की और उसके पति के बीच झगड़ा इतना बढ़ गया कि निक्की के ससुराल वालों ने मिलकर उसे जिंदा जला दिया। कंचन ने कहा कि 'जब मेरी बहन को जलाया जा रहा था, मैं वहीं थी। मेरी आंखों के सामने यह सब हुआ। मैंने उसे बचाने की पूरी कोशिश की, लेकिन बचा नहीं सकी।' उसने आगे बताया कि उसने वीडियो भी बनाया, ताकि लोग यह ना कहें कि वे ड्रामा कर रही हैं।
विपिन के कई महिलाओं से रिश्ते, पहले भी जा चुका है पकड़ा
कंचन ने यह भी आरोप लगाया कि विपिन के कई लड़कियों से संबंध थे। उन्होंने बताया कि पिछले साल दिल्ली के मोलरबंद इलाके में उन्होंने विपिन को रंगे हाथों दूसरी लड़की के साथ पकड़ा था। इस दौरान का भी वीडियो सबूत के तौर पर मौजूद है। इसके अलावा, निक्की और विपिन की साथ में तस्वीरें भी मौजूद हैं जो उनके रिश्ते की पुष्टि करती हैं।