पूर्वी इलाकों में कहर बरपा रही बाढ़, अब तक 40 से अधिक लोगों की मौत

punjabkesari.in Saturday, Aug 19, 2017 - 02:28 PM (IST)

लखनऊ: उत्तर प्रदेश के पूर्वी इलाकों में कहर बरपा रही बाढ़ और वर्षाजनित हादसों में 40 से अधिक लोगों की मृत्यु हुई है। राज्य सरकार के आंकड़ों के मुताबिक बाढ़ से 22 जिलों के 3000 से अधिक गांव प्रभावित हैं। बाढ़ की वजह से 40 से अधिक लोगों की जान गई है और एक लाख से ज्यादा मवेशी प्रभावित हुए हैं। मवेशियों के मरने की स्पष्ट संख्या की जानकारी तो नहीं दी गई है लेकिन एक अनुमान के तहत सैंकड़ों मवेशियों की जान गई है। बाढ़ की वजह से 15 लाख से अधिक आबादी प्रभावित है। डेढ़ लाख हैक्टेयर से ज्यादा खेतों में खड़ी फसल बर्बाद हो गई।

आंकड़ों के मुताबिक 65 पक्के मकान पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए जबकि कच्चे मकानों के गिरने की संख्या 227 बताई गई है। आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त पक्के मकानों की संख्या 172, कच्चे मकानों की संख्या 1456 और 1350 से अधिक झोंपड़ियां नष्ट हो गईं।