चौकीदार अमीरों के होते हैं, किसानों के नहीं: प्रियंका

punjabkesari.in Tuesday, Mar 19, 2019 - 07:37 AM (IST)

प्रयागराज: प्रयागराज के मनैया घाट से कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने वाराणसी तक स्टीमर से गंगा यात्रा की। प्रियंका गांधी ने सिरसा घाट के पास गैस्ट हाऊस में आयोजित सभा दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा नाम के आगे चौकीदार लगाने को लेकर कहा कि उनकी (मोदी) मर्जी, अपने नाम के आगे कुछ भी लगाएं। प्रियंका गांधी ने मोदी पर तंज कसते हुए कहा कि मुझसे एक किसान भाई ने कहा कि देखिए चौकीदार तो अमीरों के होते हैं, हम किसान तो अपने खुद चौकीदार हैं।

प्रियंका ने कहा कि मैं आज इसलिए घर से बाहर निकली हूं क्योंकि देश संकट में है। आपने कांग्रेस की सरकारें देखी हैं लेकिन अब जनता की आवाज को दबाया जा रहा है। देश आपका है। इसकी हिफाजत आप करें। 45 सालों में रोजगार की इतनी कमजोर स्थिति कभी नहीं हुई। उन्होंने कहा कि भाजपा सत्ता को हाथ में पकड़कर सबको प्रताड़ित कर रही है।

लोकतंत्र का मतलब है जनता की आवाज सुनी जाए। आज कोई नहीं सुन रहा। जनता अपनी मांग रखती है तो उस पर लाठीचार्ज किया जाता है। इससे पहले प्रियंका ने संगम घाट पहुंचकर गंगा पूजन किया। फिर लेटे हनुमान मंदिर में पूजा-अर्चना की। प्रियंका ने सरस्वती कूप और अक्षयवट के दर्शन भी किए। इस दौरान कई लोगों ने उनके साथ सैल्फी भी खिंचवाई।

Anil Kapoor