ताजमहल में टपका पानी! क्या सच में किसी ने किया सुराख? अचानक छत से पानी टपकने से चौंक गई ASI टीम

punjabkesari.in Friday, Jun 27, 2025 - 11:35 AM (IST)

Agra News: उत्तर प्रदेश का आगरा शहर दुनिया भर में ताजमहल की वजह से जाना जाता है। प्यार की निशानी माने जाने वाला यह खूबसूरत स्मारक मुगल बादशाह शाहजहां ने अपनी पत्नी मुमताज महल की याद में बनवाया था। हर साल लाखों लोग इसकी सुंदरता देखने देश-विदेश से आते हैं। मगर अब ताजमहल से एक परेशान करने वाली खबर सामने आई है।

गुंबद से टपका पानी, मचा हड़कंप
मिली जानकारी के मुताबिक, भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (ASI) की जांच में पता चला है कि ताजमहल के मुख्य गुंबद में 73 मीटर की ऊंचाई पर पानी का रिसाव हो रहा है। यह बात सामने आने के बाद से अधिकारी सकते में हैं और विशेषज्ञों की टीम तुरंत जांच में जुट गई है।

रिसाव की 3 मुख्य वजहें आईं सामने
ASI की लाइट डिटेक्शन एंड रेंजिंग (LiDAR) तकनीक से की गई जांच में तीन कारणों की पहचान की गई है। 

- पत्थरों की जोड़ में लगा पुराना मसाला खराब हो गया है।
- गुंबद की छत का दरवाज़ा और फर्श क्षतिग्रस्त हो चुके हैं।
- गुंबद के ऊपर लगे 'कलश' (पिनेकल) में जंग लग गया है और उसके आसपास का मसाला फूल गया है, जिससे पानी रिसने लगा है।

कैसे की गई जांच?
इस रिसाव की जांच के लिए ASI ने लेजर तकनीक का इस्तेमाल किया जिसमें लाइट की किरणें किसी सतह से टकराकर वापस आती हैं। इससे यह पता चलता है कि पत्थरों या संरचना में कहीं कोई कमी तो नहीं। इस जांच में ड्रोन, GPS और स्कैनर का भी सहारा लिया गया।

क्या बोले अधिकारी?
ताजमहल के वरिष्ठ संरक्षण सहायक प्रिंस वाजपेयी ने बताया कि LiDAR स्कैनिंग लगभग पूरी हो चुकी है। अब टीम भौतिक निरीक्षण करेगी यानी मौके पर जाकर गुंबद की स्थिति को देखा जाएगा। उन्होंने कहा कि चूंकि गुंबद और कलश की ऊंचाई 73 मीटर है, इसलिए मरम्मत का काम पूरा होने में करीब 6 महीने का समय लग सकता है।

ताजमहल प्रेमियों के लिए चिंता की बात
इतिहास में पहली बार नहीं है जब ताजमहल में इस तरह की समस्या आई हो, लेकिन इस बार गुंबद जैसी ऊंची और मुख्य संरचना से पानी का रिसाव चिंता का विषय बन गया है। अगर जल्द मरम्मत नहीं हुई तो इससे स्मारक को और नुकसान पहुंच सकता है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Anil Kapoor

Related News

static