बारिश के चलते नदियों का जलस्तर बढ़ा, गांव की पुलिया और सड़कें कटी

punjabkesari.in Wednesday, Aug 23, 2017 - 06:15 PM (IST)

बस्ती: उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले में सरयू नदी की कटान तेज हो जाने से नदी के तटवर्ती बीडी बन्धे की सुरक्षा को खतरा पैदा हो गया है। सरयू नदी खतरे के बिंदु से 54 सेमी उपर बह रही है। नदी का रूख 3 दिन घटाव का था लेकिन आज नदी का रूख बढ़ाव की ओर है। शारदा और बनबसा और सरयू बैराज से पानी छोड़े जाने के कारण एलग्नि बृज से अयोध्या और बस्ती तक नदी का रूख बढ़ाव की ओर हो गया है।
                 
सरकारी सूत्रों ने बताया कि नदी का कटान बीडी बन्धे पर लगातार तेज हो गया है। ठोकर नम्बर 10 छतिग्रस्त हो गया है 35 मीटर लम्बाई और 10 मीटर चौड़ाई में नदी बन्धे को काट रही है। खलवा गांव के नागरिक गांव छोड़कर उंचे स्थानों पर चले गए हैं ऐहतमाली ग्राम में कटान तेज हो गया है। कल्याणपुर, पढ़ाव, भरथापुर, बाघानाल, सहजौरा, पाठक ग्राम के समीप नदी का कटान तेज हो गया है। पिपरपाती के पास भी नदी कटान कर रही है। लोलपुर, विक्रमजोत बांध को नदी तेजी से काट रही है खेमराजपुर गांव की पुलिया और सड़क कट गया है। बलुआ, अकला, माझीलपुरवा,सूबेदारपुरवा गांव को खतरा पैदा हो गया है।
                
बाढ़ पीड़ित नागरिक बन्धों और उंचे स्थानों पर शरण लिए हुए है। उन्होंने बताया है कि प्रशासन द्वारा बाढ़ पीड़ित़ों में राहत सामाग्री बांटी जा रही है बाढ़ पीड़ितों के सहायतार्थ 120 नाव लगाया गया है। बाढ़ खण्ड कार्य के अधिकारी कटान स्थलों पर निरन्तर नजर रखे हुए हैं। कटान रोकने का प्रयास निरन्तर चल रहा है।