द्रोपदी मुर्मू के राष्ट्रपति बनने पर भाजपाईयों में खुशी की लहर

punjabkesari.in Thursday, Jul 21, 2022 - 08:23 PM (IST)

फर्रुखाबादः द्रोपदी मुर्मू भारत की नई राष्ट्रपति बन गई हैं। उन्होंने विपक्ष की तरफ से घोषित किए गए साक्षा उम्मीदवार यशवंत सिन्हा को हराया है। मुर्मू के राष्ट्रपति बनने पर बीजेपी नेताओं समेत देशभर के नेता उन्हें बधाई दे रहे हैं। वहीं अपनी पार्टी की तरफ से घोषित किए गए उम्मीदवार की जीत पर भाजपाईयों में खुशी की लहर दौड़ गई है। फर्रुखाबाद में भाजपाईयों द्वारा आतिशबाजी चलाकर मिठाई का वितरण किया गया।

फर्रुखाबाद पूर्वी मंडल के अध्यक्ष राजकुमार वर्मा के नेतृत्व में भाजपा कार्यकर्ता लाल सराय स्थित फव्वारे के पास एकत्रित हुए। भाजपा कार्यकर्ताओं ने द्रोपदी मुर्मू के राष्ट्रपति निर्वाचित होने पर आतिशबाजी की एवं मिष्ठान वितरण किया। भाजपा कार्यकर्ता हाथों में पार्टी का झंडा एवं द्रोपदी मुर्मू के चित्र वाली तख्ती लिए हुए थे।

बीजेपी ने आदिवासी महिला को राष्ट्रपति बनाकर नया संदेश दिया- सत्यपाल सिंह
दुग्ध संघ अध्यक्ष सत्यपाल सिंह ने कहा कि बीजेपी के नेतृत्व वाले गठबंधन ने आदिवासी महिला द्रोपदी मुर्मू को देश का राष्ट्रपति बनाकर एक नया संदेश दिया है। गरीब परिवार से ताल्लुक रखने वाली संघर्षशील एवं जुझारू आदिवासी महिला द्रोपदी मुर्मू ने राष्ट्रपति बनकर इतिहास रच दिया। बीजेपी परिवारवाद एवं वंशवाद की परिपाटी पर नहीं चलती है।

आदिवासी महिला का राष्ट्रपति निर्वाचित होना देश के लिए गर्व की बात- रूपेश गुप्ता
जिलाध्यक्ष रूपेश गुप्ता ने कहा कि एक आदिवासी महिला के रूप में महामहिम राष्ट्रपति निर्वाचित होना देश के लिए गर्व की बात है। सबका साथ-सबका विकास और सबका विश्वास ही भाजपा का मूल मंत्र है।

देश एक नए रास्ते पर आगे बढ़ेगा- राजकुमार वर्मा
पूर्वी मंडल अध्यक्ष राजकुमार वर्मा ने कहा आदिवासी महिला द्रोपदी मुर्मू के राष्ट्रपति निर्वाचित होने के बाद देश एक नए रास्ते पर आगे बढ़ेगा।  
 

Content Writer

Ajay kumar