''हम राम के असली वंशज, सुप्रीम कोर्ट में सबूत देने के लिए तैयार''

punjabkesari.in Saturday, Aug 17, 2019 - 06:39 PM (IST)

मुजफ्फरनगरः अयोध्या राम मंदिर मसले की चर्चा एक बार फिर जोरों पर है। ऐसे में कई लोग आगे आकर खुद को राम का वंशज बता रहे हैं। इसी कड़ी में भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी नरेश टिकैत ने दावा किया है कि वे राम के असली वंशज हैं। बालियान खाप का गोत्र रघुवंशी है। अयोध्या में राम मंदिर बनना चाहिए। इसमें हमारी खाप के मुस्लिम भाई भी समर्थन करेंगे, क्योंकि वह भी राम के ही वंशज हैं।

उन्होंने कहा कि सुप्रीम कोर्ट में अगर सबूत देने की आवश्यकता पड़ी तो हम सबूत भी देंगे। राम मंदिर को लेकर विवाद समाप्त होना चाहिए। उन्होंने कहा कि सभी को पता है कि राम अयोध्या में पैदा हुए। मंदिर को तोड़कर ही बाबरी मस्जिद बनी थी। जन्म स्थली पर राम मंदिर को लेकर कोई बाधा नहीं आनी चाहिए। मस्जिद बनानी हैं तो वहीं पर कहीं दूर बना दो। हमें इसमें एतराज नहीं है। राम मंदिर पर कोई विवाद नहीं होना चाहिए।

उन्होंने कहा कि जाट जाति की बालियान खाप का गोत्र रघुवंशी हैं। राम को भी रघुवंशी ही कहते हैं। हमारे पास राम के वंशज होने के पूरे सबूत हैं। राम के बेटे लव से हमारी उत्पत्ति हुई है। हमारे जिले में ही बालियान खाप के 84 गांव हैं, इनमें कुछ मुसलमान भी हैं। रघुवंशी मुसलमान भी राम मंदिर के समर्थन में हैं। यदि सुप्रीम कोर्ट हमसे सबूत मांगेगा तो हम सबूत देने के लिए तैयार हैं। अपने पूर्वज राम का मंदिर बनवाने के लिए हम हर तरह से तैयार हैं। रघुवंशी गोत्र राजपूत, कुर्मी और जाट में है।

 

Tamanna Bhardwaj