गठबंधन की राजनीति में हम किसी को नाराज नहीं कर सकते: अखिलेश

punjabkesari.in Wednesday, Jun 20, 2018 - 07:56 AM (IST)

लखनऊ: समाजवादी पार्टी के नेता अखिलेश यादव ने कहा कि वे 2019 के लोकसभा चुनावों में ‘किसी को भी नाराज’ किए बिना भाजपा के खिलाफ अन्य विपक्षी दलों को एक साथ लेकर आएंगे। यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री ने पत्रकारों से कहा कि राजनीति में हम किसी को नाराज नहीं कर सकते। हम 2019 के लोकसभा चुनावों में भाजपा का मुकाबला करने के लिए अन्य दलों के साथ गठबंधन करने के लिए तैयार हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा को हराने के लिए कुछ सीटें दूसरे दलों को दी जा सकती हैं।

अखिलेश ने कहा कि हमारा मकसद भाजपा को हराना है। कैराना (लोकसभा उपचुनाव) की तर्ज पर हमारे उम्मीदवार अन्य दलों के प्रतीक चिह्न पर लड़ सकते हैं। यादव ने कहा कि यह कहना मुश्किल है कि उनकी पार्टी मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव अकेली लड़ेगी या गठबंधन के तौर पर, लेकिन हम निश्चित तौर पर चुनाव लड़ेंगे।

उन्होंने दिल्ली के प्रवास के दौरान कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल से मुलाकात करने की बात खारिज की। उन्होंने कहा कि मैं यहां किसी से मिलने नहीं आया। मेरा ऐसा कोई कार्यक्रम नहीं है।

Anil Kapoor