शिक्षा की ज्योति को आगे बढ़ाने के लिए हमें मिलकर काम करना होगा: नाईक

punjabkesari.in Wednesday, Jun 27, 2018 - 12:06 PM (IST)

लखनऊः उत्तर प्रदेश के राज्यपाल राम नाईक ने कहा है शिक्षा की ज्योति को आगे बढ़ाने के लिए हमेें मिलकर काम करना होगा। नाईक ने मंगलवार को छत्रपति शाहूजी महाराज जयंती के अवसर पर किंग जार्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय में आयोजित समारोह में कहा कि शिक्षा की ज्योति को आगे बढ़ाने के लिए हमें मिलकर प्रयास करना होगा। शिक्षा से ही जीवन स्तर सुधरेगा।   

राज्यपाल ने शाहूजी महाराज को अपनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि उनका व्यक्तित्व अविस्मरणीय हैं। जिस प्रकार से उन्होंने शिक्षा की ज्योति को आगे बढ़ाने का काम किया है उसका अनुसरण होना चाहिए। राज्य में महिलाओं की शिक्षा पर चर्चा करते हुए राज्यपाल ने बताया कि 15.60 लाख छात्र-छात्राओं को उपाधियां प्रदान की गई हैं जिसमें 51 प्रतिशत छात्राएं हैं तथा 66 प्रतिशत स्वर्ण, रजत एवं कांस्य पदक उन्हे मिले हैं। उन्होंने कहा कि महिला शिक्षा के क्षेत्र में प्रदेश का चित्र बदल रहा है। 

नाईक ने कहा कि 1919 में कानुपर के एक कुर्मी अधिवेशन में छत्रपति शाहूजी को‘राजर्षि’की पदवी दी गई थी। उन्हे राजर्षि उपाधि को आगामी वर्ष 2019 में 100 वर्ष पूर्ण होंगे। शताब्दी वर्ष के अवसर पर कानपुर अधिवेशन की स्मृति में धूमधाम से भव्य समारोह का आयोजन किया जाये। उन्होंनेे कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने लोगों के सामने‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’का सपना रखा है जिसका लक्ष्य एक प्रदेश दूसरे प्रदेश की विशेषता जानने का है।  

इससे पूर्व राज्यपाल ने विश्वविद्यालय के मुख्य द्वार पर स्थापित छत्रपति शाहूजी महाराज की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर अपनी श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के तौर पर महाराष्ट्र के प्रख्यात साहित्यकार एवं कार्यक्रम के मुख्य वक्ता प्राचार्य डॉ. सुनील कुमार लवटे, केन्द्रीय स्वास्थ्य राज्यमंत्री श्रीमती अनुप्रिया पटेल, प्रदेश के श्रम एवं सेवायोजन मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य, कारागार राज्यमंत्री जय कुमार सिंह जैकी, कुलपति श्रुति सडोलीकर, कुलपति प्रो. नीलिमा गुप्ता, संस्था के अध्यक्ष  रामचन्द्र पटेल, पद्मश्री प्रो. एस.एन. कुरील सहित अन्य विशिष्टजन उपस्थित थे। राज्यपाल ने प्राचार्य डॉ. सुनील कुमार लवटे द्वारा रचित 20 पुस्तकों का विमोचन किया तथा अपनी पुस्तक‘चरैवेति! चरैवेति!!’के मराठी संस्करण की प्रति उन्हें भेंट की। 


 

Ruby