शादी की खुशियां मातम में बदली: बेटी की शादी से 11 दिन पहले अपराधियों ने पिता को मारी गोली, घर में मची चीखपुकार

punjabkesari.in Sunday, Apr 12, 2026 - 05:12 PM (IST)

सुलतानपुर: जिले में अज्ञात हमलावरों ने एक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी। पुलिस के मुताबिक यह घटना जिले के जयसिंहपुर थाना क्षेत्र के बेलगरा गांव की है। इस घटना से परिवार में बेटी की शादी से पहले मातम छा गया है।

बरामदे में सो रहा रहा था मृतक 
पुलिस के अनुसार, वारदात शनिवार और रविवार की दरमियानी रात करीब दो बजे हुई। उस समय विजय प्रताप सिंह (58) अपनी पत्नी के साथ घर के बाहर बरामदे में सो रहे थे। इसी दौरान हमलावरों ने उनके सिर में गोली मार दी। घटना में उनकी पत्नी बाल-बाल बच गईं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक विभाग की टीम मौके पर पहुंची और साक्ष्य एकत्र किए। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

पैरालिसिस से पीड़ित थे युवती के पिता 
पुलिस अधीक्षक चारु निगम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जानकारी ली। पुलिस सूत्रों के अनुसार विजय प्रताप सिंह पिछले लगभग तीन वर्षों से पैरालिसिस से पीड़ित थे और चलने-फिरने में असमर्थ थे। वह हाल ही में इलाज कराकर घर लौटे थे। गोली चलने की आवाज सुनकर परिजन जाग गए और शोर मचाया, लेकिन हमलावर अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। 

पिरजनों ने रंजिश से किया इनकार 
जयसिंहपुर के क्षेत्राधिकारी आर.के. चतुर्वेदी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में दीवार पर खून के छींटे मिले हैं। परिजनों ने फिलहाल किसी से रंजिश होने से इनकार किया है। पुलिस विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही है और जल्द ही घटना का खुलासा करने का दावा किया है।

पुलिस उपनिरीक्षक के पद पर तैनात है मृतक का बेटा 
मृतक के परिवार में तीन बेटे और दो बेटियां हैं। बड़ा बेटा अंकुर सिंह अन्य जनपद में पुलिस उपनिरीक्षक के पद पर तैनात है। सबसे छोटी बेटी की शादी 21 अप्रैल को तय थी, जिसके चलते घर में खुशी का माहौल था, जो इस घटना के बाद मातम में बदल गया। पुलिस ने बताया कि मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है और आरोपियों की तलाश जारी है। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Ramkesh

Related News

static